विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गुरु जंभेश्वर यूनिवर्सिटी में 15 दिन में कई बड़े फेरबदल, प्रोक्टर से ओएसडी तक बदले; विश्वविद्यालय में गरमाई चर्चा

Published: Tue, 15 Sep 2026 06:38 PM (IST)

गुरु जंभेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (गुजवि) में पिछले 15 दिनों में प्रोक्टर, डीन सहित 10 महत्वपूर्ण प्रशासनिक पदों पर बड़े बदलाव हुए हैं।

गुजवि में बड़े प्रशासनिक फेरबदल।

गुजवि में बड़े प्रशासनिक फेरबदल।

HighLights

  1. गुजवि में 15 दिनों में 10 बड़े प्रशासनिक बदलाव

  2. प्रो. ओपी सांगवान को नया प्रोक्टर नियुक्त किया गया

  3. कई अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां मिलीं, कुछ से वापस लीं

जागरण संवाददाता, हिसार। गुरु जंभेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (गुजवि) में पिछले करीब 15 दिनों में प्रोक्टर, डीन, विभागाध्यक्ष, ओएसडी, कुलपति सचिव और सुरक्षा अधिकारी समेत करीब 10 महत्वपूर्ण पदों पर हुए फेरबदल के बाद विश्वविद्यालय का माहौल चर्चा में है।

30 अगस्त को गुजवि के कुलपति का अतिरिक्त कार्यभार संभालने वाले सिरसा के चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. विजय कुमार की ओर से सितंबर में एक के बाद एक कई कार्यालय आदेश जारी किए गए हैं।

इन आदेशों के तहत कई शिक्षकों और अधिकारियों को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं, जबकि कुछ अधिकारियों से उनकी मौजूदा जिम्मेदारियां वापस ली गई हैं। नई जिम्मेदारी पाने वाले शिक्षक और अधिकारी इसे लेकर उत्साहित हैं, वहीं जिनसे जिम्मेदारी वापस ली गई है, उनमें अंदरखाने नाराजगी की चर्चा है।

हालांकि, इस संबंध में किसी अधिकारी की ओर से सार्वजनिक तौर पर विरोध सामने नहीं आया है। प्रशासनिक स्तर पर हुए इन बदलावों में प्राेक्टर से लेकर कुलपति सचिवालय और सुरक्षा व्यवस्था तक के महत्वपूर्ण पद शामिल हैं।

प्रो. अनिल को हटाकर प्रो. सांगवान को लगाया प्रोक्टर

तीन सितंबर को कंप्यूटर साइंस एवं इंजीनियरिंग विभाग के प्रो. ओपी सांगवान को प्राक्टर नियुक्त किया गया और इस पद पर कार्यरत प्रो. अनिल कुमार को कार्यमुक्त किया गया। पांच सितंबर को रसायन विज्ञान विभाग के प्रो. विकास वर्मा को डीन आफ कालेजेज की जिम्मेदारी दी गई और प्रो. विनोद छौकर को इस पद से कार्यमुक्त किया गया।

सात सितंबर को भौतिकी विभाग के सहायक प्रोफेसर डॉ. विवेक गुप्ता को वीआइपी गेस्ट हाउस और फैकल्टी हाउस का प्रभारी बनाया गया। इसी दिन अर्थशास्त्र विभाग के सहायक प्रो. डॉ. सोमनाथ को अर्थशास्त्र विभाग का प्रभारी नियुक्त किया गया। 10 सितंबर को निदेशक युवा कल्याण अजीत सिंह का स्थानांतरण डीन स्टूडेंट वेलफेयर कार्यालय में किया गया। इससे पहले वह यूनिवर्सिटी इंफार्मेशन एंड ग्रीवेंस सेल में कार्यरत थे।

प्रो. आशा को हटाकर डॉ. जितेंद्र पाल को बनाया विभागाध्यक्ष

11 सितंबर को सिविल एवं पर्यावरण इंजीनियरिंग विभाग में प्रो. जितेंद्र पाल को तीन वर्ष के लिए विभागाध्यक्ष नियुक्त किया गया और प्रो. आशा गुप्ता को इस पद से कार्यमुक्त किया गया। इसी दिन भौतिकी विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. हरदेव सिंह को कुलपति का ओएसडी बनाया गया।

सहायक कुलसचिव अशोक कुमार कौशिक को कुलपति का सचिव नियुक्त किया गया। वहीं प्रिंटिंग टेकनोलाजी विभाग के सहायक प्रोफेसर डॉ. मोहित कुमार को डिप्टी प्राक्टर-कम-चीफ सिक्योरिटी आफिसर की जिम्मेदारी सौंपी गई।

गुजवि में 15 दिन में ताबड़तोड़ प्रशासनिक बदलाव

विश्वविद्यालय में इन दिनों यह बदलवा चर्चा का विषय बने हुए है कि क्या ये बदलाव नियमित प्रशासनिक प्रक्रिया का हिस्सा हैं या कुलपति की ओर से विश्वविद्यालय की कार्यप्रणाली में सुधार के लिए नई व्यवस्था तैयार की जा रही है।

वहीं, विश्वविद्यालय में यह भी चर्चा है कि मौजूदा फेरबदल में उन अधिकारियों की जिम्मेदारियां बदली गई हैं, जिन्हें पूर्व कुलपति के कार्यकाल में इन महत्वपूर्ण पदों पर लगाया गया था।

अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि इतने कम समय में हुए ये बदलाव नियमित प्रशासनिक प्रक्रिया का हिस्सा हैं या विश्वविद्यालय की कार्यप्रणाली में सुधार के लिए किसी विशेष रणनीति के तहत किए गए हैं। यह भी देखना होगा कि आने वाले दिनों में गुजवि में फेरबदल का यह सिलसिला आगे जारी रहता है या इन बदलावों तक ही सीमित रहता है।