उफ गर्मी, हाय गर्मी ! 43 डिग्री तक पहुंचा तापमान, 30 के बाद बदलेगा मौसम
हरियाणा में झुलसाने वाली गर्मी पड़ रही है। राज्य में तापमान में लगातार वृद्धि हो रही है और यह 43 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है। 30 अप्रैल के बाद मौसम में बदलाव की संभावना है।
हिसार, जेएनएन। हरियाणा में गर्मी ने प्रचंड रूप धारण कर लिया है। झुलसाने वाली गर्मी ने लोगों को हाल बेहाल कर दिया है और तापमान में लगातार वृद्धि हो रही है। लू के थपेड़े के कारण दिन में घर से निकलना मुश्किल हो गया है। राज्य में तापमान 43 डिग्री पर पहुंच गया है। दूसरी आेर, 30 अप्रैल को फिर मौसम बदलने और आंधी व बारिश की संभावना है। इस दौरान ओलावृष्टि भी हो सकती है।
राज्य में फरीदाबाद सबसे गर्म रहा है। फरीदबाद में अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। झज्जर और चरखीदादरी का तापमान 42 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है। करनाल स्िथत केंद्रीय मृदा लवणता अनुसंधान संस्थान के मुताबिक आने वाले 24 घंटे में मौसम साफ रहेगा, लेकिन 30 अप्रैल को फिर से आंधी के साथ हल्की ओलावृष्टि की संभावना बनी हुई है।
गर्म हवा ने लोगों को बेहाल कर दिया। गर्मी का यह अालम है कि चुनावी माहौल में भी दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहता है। लोग घर से बाहर निकलते समय एहतियात बरत रहे हैं और सिर व मुंह ढक कर बाहर निकल रहे हैं। स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि इस मौसम में जलजनित बीमारियां पनपने लगती हैं। ऐसे में खान-पान में एहतियात बरत कर काफी हद तक बीमारियों से बचा जा सकता है।
जिलों का तापमान
जिला अधिकतम न्यूनतम
फरीदाबाद 43 डिग्री सेल्सियस 28 डिग्री सेल्सियस
झज्जर 42 डिग्री सेल्सियस 26 डिग्री सेल्सियस
चरखी दादरी 42 डिग्री सेल्सियस 27 डिग्री सेल्सियस
सोनीपत 41 डिग्री सेल्सियस 27 डिग्री सेल्सियस
कैथल 41 डिग्री सेल्सियस 26 डिग्री सेल्सियस
रोहतक 41 डिग्री सेल्सियस 25 डिग्री सेल्सियस
भिवानी 41 डिग्री सेल्सियस 30 डिग्री सेल्सियस
फतेहाबाद 41 डिग्री सेल्सियस 26 डिग्री सेल्सियस
सिरसा 40 डिग्री सेल्सियस 26 डिग्री सेल्सियस
करनाल 40 डिग्री सेल्सियस 19.4 डिग्री सेल्सियस
हिसार 39.9 डिग्री सेल्सियस 22.4 डिग्री सेल्सियस
अंबाला 39.6 डिग्री सेल्सियस 24.3 डिग्री सेल्सियस
कुरुक्षेत्र 39 डिग्री सेल्सियस 22.4 डिग्री सेल्सियस
पानीपत 38 डिग्री सेल्सियस 26 डिग्री सेल्सियस
यमुनानगर 38 डिग्री सेल्सियस 23 डिग्री सेल्सियस
-------
'' गर्मी में उल्टी-दस्त, हैजा, पीलिया और टाइफाइड के मामले आते हैं। खुले में रखे इन खाद्य पदार्थों के सेवन से पेट में संक्रमण हो सकता है। जब हम तेज गर्मी में घर से बाहर चलते हैं तो उससे भी कई बार शरीर में पानी की कमी हो जाती है। इन दिनों ज्यादा से ज्यादा पानी पीएं।
- डॉ. अरविंद मिंज, सीनियर कंसल्टेंट, इंटरनल मेडिसिन विभाग, सर्वोदय अस्पताल, हिसार।