स्कूल की दीवार गिरी, नीचे दबी विधवा महिला सहित दो की मौत, एक गंभीर Hisar news
स्कूल के पुराने कमरे गिराने के वक्त वहां काम कर रहे मजदूरों पर दीवार गिर गई। दीवार गिरने से करीब तीन से चार लोग इसकी चपेट में आ गए।
हिसार, जेएनएन। पाबड़ा गांव के राजकीय वरिष्ठ कन्या स्कूल में सोमवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। स्कूल के पुराने कमरे गिराने के वक्त वहां काम कर रहे मजदूरों पर दीवार गिर गई। दीवार गिरने से करीब तीन से चार लोग इसकी चपेट में आ गए। जिन्हें बरवाला ले जाया गया। मगर इलाज मिलने तक दो मजदूरों ने दम तोड़ दिया तो वहीं एक की हालत गंभीर बनी हुई है। मृतकों में एक महिला और पुरुष शामिल हैं।
इस तरह अचानक हुए हादसे से गांव में अफरा तफरी मच गई। वहीं दीवार गिरने का शोर सुन ग्रामीण इकट्ठे हो गए वहीं पूरे गांव में बात फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। मृतकों के परिजनों में मातम छा गया है और शवों को पोस्टमार्टम के लिए अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में भेजा गया है। दीवार कैसे गिरी और इस तरह से बड़ा हादसा कैसे हुआ यह बड़ा सवाल है।
मृतक महिला का नाम शीला उम्र 30 साल है जो कि विधवा थी। तीनों बच्चे अपनी मां के घर लौट आने का शाम को इंतजार कर रहे थे मगर मां की जगह एक बुरी खबर सामने आई। पिता के साये से महरूम बच्चों के सिर से अब मां का साया भी उठ गया। तो वहीं दूसरा मृतक उकलाना से सोनू बताया जा रहा है जिसकी उम्र महज 35 साल है। वहीं दौलतपुर गांव का कुलदीप घायल है। चश्मदीदों ने कहा कि उन्हें जोर का धमाका सुनाई दिया जब पास पहुंचे तो देखा कि मलबे का ढेर लगा हुआ था। इस मलबे में ही दो लोग नीचे दब गए तो तीसरा श्रमिक भी चपेट में आ गया। जब तक मदद मिलती तब तक देर हो चुकी थी और दो श्रमिकों की जान चली गई।
पुलिस ने बताया कि पता किया जा रहा है कि किसके अंतर्गत और क्या काम चल रहा था। अगर किसी तरह की कोताही बरती गई है तो इस बारे में सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं गांव के सरपंच से भी इस बारे में बात की जा रही है। जल्द ही जानकारी हाथ लगेगी और जांच आगे बढ़ेगी।