हरियाणा में अनुसूचित जाति के खिलाड़ियों को वजीफा राशि मिलने का इंतजार, 20 लाख 60 हजार अभी भी अटके
प्रदेश में अनुसूचित जाति के खिलाड़ियों को वजीफा राशि मिलने का अभी भी इंतजार है। इन खिलाड़ियों को 57 लाख रुपए की राशि वजीफा के रूप में निर्धारित की गई है। लेकिन अभी तक पूरी राशि खिलाड़ियों को नहीं दी गई।
सुरेश मेहरा, भिवानी। हरियाणा में भले ही खेलों को लेकर युवावर्ग बेहद संजीदा है और देश दुनिया में परचम लहरा रहा है, मगर अभी भी सरकारी योजनाओं का लाभ कागजों में अटका रहता है। ऐसा ही एक और मामला है जो सामने आया है। प्रदेश में अनुसूचित जाति के खिलाड़ियों को वजीफा राशि मिलने का अभी भी इंतजार है। इन खिलाड़ियों को 57 लाख रुपए की राशि वजीफा के रूप में निर्धारित की गई है। लेकिन अभी तक पूरी राशि खिलाड़ियों को नहीं दी गई। इसी साल मार्च माह में करीब 37 लाख रुपए की राशि खिलाड़ियों के खाते में डाल दी गई लेकिन बाकी राशि का खिलाड़ियों को अभी भी इंतजार है।
234 अनुसूचित जाति खिलाड़ियों के नाम जमा होनी है यह वजीफा राशि
खेल विभाग से मिली जानकारी के अनुसार जिला के 234 स्टेट अवार्ड खिलाड़ियों को वजीफा के रूप में 57 लाख रुपए जारी किए गए थे। इनमें से कुछ खिलाड़ियों के आधार कार्ड और बैंक अकाउंट में कुछ त्रुटियां पाए जाने की वजह से यह राशि रोक ले गई थी। इसके बाद इन खिलाड़ियों के आधार नंबर दोबारा से बैंक अकाउंट में लिंक किए गए और दूसरी किसी प्रकार की त्रुटियां थी तो वह भी ठीक कर ली गई। यह त्रुटियां दूर किए हुए भी तीन महीने से ज्यादा का समय हो चुका है लेकिन अभी तक यह राशि इन खिलाड़ियों के खातों में नहीं डाली गई है
इस प्रकार मिलती है खिलाड़ियों को वजीफा राशि
अनुसूचित जाति ब्वायज खिलाड़ियों को मिलते हैं 18 हजार रुपए।
अनुसूचित जाति लड़की खिलाड़ियों को मिलते हैं 30 हजार रुपए।
जल्द खिलाड़ी के बैंक अकाउंट में डाल दी जाएगी वजीफा राशि
अनुसूचित जाति के खिलाड़ियों के बैंक खातों में जल्द ही उनकी वजीफा राशि डाल दी जाएगी। खिलाड़ियों के खातों में जो त्रुटियां थी उनको लगभग दूर कर लिया गया है।
प्रीतम सिंह जिला खेल अधिकारी भिवानी।