निगम में दो कर्मचारी हटाने पर बवाल, प्रधान बोले- फरमान वापस लो, ईओ बोले- कर्मचारी अनुशासनहीन
जागरण संवाददाता हिसार नगर निगम में ठेकेदार के अंतर्गत रखे गए दो कर्मचारियों को हटान
जागरण संवाददाता, हिसार : नगर निगम में ठेकेदार के अंतर्गत रखे गए दो कर्मचारियों को हटाने पर बवाल खड़ा हो गया। निगम के ईओ और कर्मचारी यूनियन के प्रधान मामले में आमने-सामने आ गए। यूनियन प्रधान प्रवीन कुमार ने कार्रवाई को गलत बताते हुए दोनों को वापस नौकरी पर रखने की मांग करते हुए कर्मचारियों के साथ धरना शुरू कर दिया। वहीं ईओ ने कहा कि कर्मचारी अनुशासनहीन हैं, इसलिए वे हटाए गए हैं। उधर, इस मामले में हटाई गई महिला कर्मचारी ने अधिकारी पर रात तक उनसे काम करवाने के आरोप तक लगाए हैं। इस पूरे मामले के पर ज्वाइंट कमिश्नर ने निगम की विभिन्न शाखा इंचार्जों से ठेके पर लगे कर्मचारियों की स्टेट्स रिपोर्ट तलब कर ली है।
सोमवार को नगर निगम में लिपिक का कार्य करने वाले दो कर्मचारियों को हटाने की सूचना मिलते ही ठेके प्रथा पर लगे कर्मचारियों ने काम का बहिष्कार कर दिया। वे अपना काम छोड़कर निगम में एकजुट हो गए। इस बारे में यूनियन प्रधान के नेतृत्व में कर्मचारियों ने ईओ से मुलाकात की। ईओ ने दोनों कर्मचारियों को वापस ज्वाइनिग करवाने से साफ इनकार कर दिया। इस दौरान प्रधान और ईओ के बीच तीखी बहस हो गई।
-------------
बहिष्कार के कारण निगम में काम ठप, जनता परेशान
नगर निगम के नागरिक सेवा केंद्र से लेकर विभिन्न शाखाओं में ठेके पर लिए कर्मचारियों के माध्यम से लिपिक कार्य किया जा रहा है। इसमें जन्म-मृत्यु व विवाह पंजीकरण से लेकर जाति रिहायशी इत्यादि कई प्रमाणपत्र व निगम की विभिन्न शाखाओं के कार्य ये कर्मचारी संभाल रहे हैं। काम का बहिष्कार करने पर जनता के ये सभी कार्य ठप हो गए, जिसके कारण अपने कार्य के लिए निगम पहुंची जनता को निराश होकर लौटना पड़ा।
----------
जेसी ने कर्मचारियों की रिपोर्ट मांगी, यूनियन ने दी चेतावनी
यूनियन की ओर से निगम प्रशासन को लिखित शिकायत दी गई है, जिसमें प्रशासन को चेताया है कि यदि हटाए कर्मचारी वापस नहीं लिए तो यूनियन हड़ताल कर सकती है। उधर ज्वाइंट कमिश्नर ने इस मामले के बाद विभिन्न शाखाओं से कर्मचारियों की स्टेट्स रिपोर्ट मांगी है। जेसी ने एसई, एक्सईएन, लेखा अधिकारी, अधीक्षक, सीएसआइ, एडीए, भूमि शाखा, जन्म-मृत्यु शाखा और तहबाजारी शाखा से ठेके पर लगे कर्मचारियों की रिपोर्ट मांगी कि 16 सितंबर को ठेके पर लगे कौन-कौन से कर्मचारी उपस्थित हैं और कौन से नहीं।
---------
प्रधान और ईओ आमने-सामने
प्रधान प्रवीन कुमार बोले : कर्मचारियों को हटाना गलत है, इन्हें रखना पड़ेगा। नहीं तो यूनियन मंगलवार को ताले जड़ने का या कोई बड़ा फैसला ले सकती है।
ईओ हरदीप सिंह बोले : अनुशासनहीन कर्मचारी वापस नहीं लूंगा। या तो ये रहेंगे या मैं। इन्हें रखना है तो मेरा ट्रांसफर करवा दो।
-------------
हटाने के पीछे का ये है तर्क
-पुरुष कर्मचारी की ड्यूटी गृहकर शाखा में थी। उसे आरटीआइ व सीएम विडो का कार्य सौंपा गया। अधिकारी का तर्क था कि उसने काम करने से इनकार कर दिया। कर्मचारी बोला, मैंने ऐसा नहीं किया मैं तो काम कर रहा था।
-महिलाकर्मी को भी सीएम विडो का कार्य सौंपा था। अधिकारी के अनुसार उसे कार्य सहीं से नहीं आता है। उसने भी काम करने से इनकार कर दिया था, इसलिए हटाई। जबकि महिलाकर्मी ने आरोप जड़ते हुए कहा कि मुझसे कई बार रात 8 बजे तक काम करवाया है। जो गलत है। ईओ हमारे साथ चपड़ासी जैसा व्यवहार करते हैं। विरोध करने पर हटाया गया। ----------
जरुरत पड़ने पर कई कर्मचारियों ने देर सायं तक काम किया है। इसमें तो इसमें कोई गलत नहीं है, हम अपनी ड्यूटी कर हैं। रही बात मुझ पर दुर्व्यवहार व दूसरे आरोप की तो वे गलत है। कर्मचारियों ने सौंपी जिम्मेदारी निभाने से इनकार कर अनुशासनहीनता की है। जो गलत है। मैंने उन कर्मचारियों की फाइल कमिश्नर को भेज दी है।
- हरदीप सिंह, ईओ, नगर निगम हिसार। -------
कर्मचारी की छंटनी करना गलत है। इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कर्मचारी यूनियन की बैठक बुलाई जाएगी। उसमें जो फैसला होगा उसके बाद इस मामले में आगामी कदम उठाया जाएगा।
- प्रवीन कुमार, प्रधान, नगर पालिका कर्मचारी यूनियन, हिसार। --------
दो कर्मचारियों ने अनुशासनहीनता की है। जो गलत है। इसलिए उन्हें हटाया गया है। यूनियन पदाधिकारियों से इस बारे में मेरी बातचीत नहीं हुई। यदि वे बातचीत के लिए आते हैं तो उनकी भी इस बारे में बात सुनी जाएगी।
- जेके अभीर, कमिश्नर, नगर निगम हिसार।