कांग्रेस केवल विरोध करती है, विपक्ष में अच्छे कामों की सराहना भी करनी चाहिए : रणबीर गंगवा
विधानसभा उपाध्यक्ष रणवीर सिंह गंगवा ने कहा कि भाजपा सरकार ने पांच साल में हरियाणा में बेहतर काम किए। मनोहर-टू सरकार में भी सौ दिन में कई ऐतिहासिक फैसले लिए है
रोहतक, जेएनएन। विधानसभा उपाध्यक्ष रणबीर गंगवा ने कहा कि कांग्रेस केवल विरोध करती है। लेकिन विपक्ष में सरकार के अच्छे कार्यों की सराहना भी करनी चाहिए। विपक्ष का काम केवल सरकार की बुराई करना नहीं होता। राज्य सरकार ने सौ दिन में बेहतर कार्य किए गए है। प्री-बजट पर चर्चा पहली बार हो रही है। वे सोमवार को महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय में एक निजी स्कूल के कार्यक्रम में शिरकत करने के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
विधानसभा उपाध्यक्ष रणवीर सिंह गंगवा ने कहा कि भाजपा सरकार ने पांच साल में हरियाणा में बेहतर काम किए। मनोहर-टू सरकार में भी सौ दिन में कई ऐतिहासिक फैसले लिए है, जो प्रदेश की जनता के कल्याण में बेहतर साबित होंगे। उन्होंने कहा कि पहले किसी भी सरकार ने बजट पेश करने से पहले चर्चा नहीं की।
लेकिन मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व में यह पहली बार हो रहा है कि बजट से पहले हर वर्ग के हितों को देखते हुए चर्चा की जा रही है। उन्होंने नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा के सौ दिन में काम नहीं करने के बयान पर जवाब दिया है। गंगवा ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी कटाक्ष करते हुए कहा है कि राहुल गांधी की बात को कोई गंभीरता से नही लेता।
बता दें कि रणबीर गंगवा वर्तमान में विधायक भी हैं और इस बार वे बीजेपी की ओर से नलवा सीट पर चुने गए हैं। इससे पहले के चुनाव में वे इनेलो पार्टी में थे और तब भी नलवा सीट पर विधायक ही थे। भाजपा ज्वाइन करने और जीत मिलने के बाद उन्हें विधानसभा में उपाध्यक्ष भी बनाया गया है।