बहनों के लिए खुशखबरी! इस रक्षाबंधन अब स्पीड पोस्ट से पहुंचेगी वाटरप्रूफ राखी, छुट्टी के दिन भी डाक बाटेंगे पोस्टमैन
डाक विभाग ने रक्षाबंधन के लिए विशेष वाटरप्रूफ लिफाफे उपलब्ध कराए हैं ताकि बारिश में राखियां खराब न हों। पोस्टमैन छुट्टी के दिन भी घर-घर जाकर राखी की डाक पहुंचाएंगे।
-1786984937476_m.webp)
वाटरप्रूफ लिफाफे में सुरक्षित पहुंचेगा बहन का प्यार, रक्षाबंधन पर छुट्टी के दिन भी राखी बांटेंगे पोस्टमैन।
जागरण संवाददाता, हांसी। सावन की बारिश अब डाक से भाई तक पहुंचने वाले बहन के प्यार के धागे को भिगो नहीं पाएगी। रक्षाबंधन को देखते हुए डाक विभाग ने राखियों के लिए विशेष वाटरप्रूफ लिफाफे उपलब्ध करवाए हैं। दस रुपये कीमत वाले इन लिफाफों में केवल राखी भेजी जा सकेगी। इतना ही नहीं, 28 अगस्त को रक्षाबंधन के दिन छुट्टी होने के बावजूद पोस्टमैन फील्ड में रहेंगे और घर-घर जाकर राखी की डाक पहुंचाएंगे, ताकि दूर बैठे किसी भाई की कलाई सूनी न रहे।
मानसून के दौरान साधारण लिफाफे भीगने से अंदर रखी राखी खराब होने की आशंका रहती है। इसे देखते हुए डाक विभाग ने प्रदेश के डाकघरों से मांग लेकर विशेष वाटरप्रूफ लिफाफे मंगवाए हैं। हांसी के डाकघर में भी ये लिफाफे उपलब्ध हो गए हैं। बहनें इनके माध्यम से देश के अलग-अलग हिस्सों के साथ विदेश में रहने वाले भाइयों तक भी राखी भेज सकेंगी।
डाक विभाग ने राखी को समय पर पहुंचाने के लिए भी विशेष व्यवस्था की है। बहनें 50 ग्राम वजन तक की राखी 41 रुपये में स्पीड पोस्ट के माध्यम से देशभर में भेज सकेंगी। इसे 72 घंटे में गंतव्य तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। वहीं 20 ग्राम तक राखी रजिस्टर्ड डाक के माध्यम से 22 रुपये में भेजी जा सकेगी।
विदेश में रहने वाले भाई के लिए रजिस्ट्री के माध्यम से राखी भेजने पर 125 रुपये खर्च होंगे। रक्षाबंधन नजदीक आने के साथ डाकघर में राखी की डाक बढ़ने की संभावना है। ऐसे में विभाग ने वितरण व्यवस्था को लेकर भी तैयारी शुरू कर दी है।
छुट्टी नहीं मनाएंगे पोस्टमैन, घर तक पहुंचाएंगे बहन का प्यार
हांसी मुख्य डाकघर के पोस्टमास्टर अशोक ने बताया कि रक्षाबंधन के दिन भी राखी से संबंधित डाक का वितरण किया जाएगा। वितरण से जुड़े उप डाकघरों में डाकपाल और पोस्टमैन छुट्टी पर नहीं रहेंगे। पोस्टमैन फील्ड में जाकर राखी की डाक भाइयों के घर तक पहुंचाएंगे। प्रयास रहेगा कि स्पीड पोस्ट और रजिस्टर्ड पोस्ट से आने वाली राखियां निर्धारित समय में वितरित हों।
बारिश से बचाएगा दस रुपये का खास लिफाफा
राखी के लिए तैयार वाटरप्रूफ लिफाफे की कीमत दस रुपये रखी गई है। इसका उद्देश्य मानसून के दौरान डाक के भीगने पर राखी को सुरक्षित रखना है। इसमें अन्य सामान के बजाय केवल राखी भेजी जा सकेगी। विभाग ने मांग के अनुसार प्रदेश के डाकघरों में इन लिफाफों की आपूर्ति की है।
