राज्य सभा सदस्य डॉ. सुशील गुप्ता ने कहा, किसान हित में नहीं कृषि कानून, अडानी-अंबानी के फायदे को बना
आप नेता राज्य सभा सदस्य सुशील गुप्ता ने रोहतक में मैना पर्यटन केंद्र में प्रेसवार्ता की। उन्होंने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा किसान हित में कृषि कानून नहीं है। अडानी-अंबानी के फायदे के लिए ये कानून बनाया गया।
रोहतक, जेएनएन। आप नेता राज्य सभा सदस्य डॉक्टर सुशील गुप्ता ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार कृषि कानून किसानों के हित के लिए नहीं बल्कि अडानी और अंबानी के फायदे के लिए लाई है। उन्होंने कहा, इस कानून से किसान पूरी तरह से बर्बाद हो जाएंगे।
आम आदमी पार्टी हरियाणा के सहप्रभारी एवं राज्यसभा सदस्य डा. सुशील गुप्ता ने कृषि अधिनियमों को लेकर केंद्र सरकार पर हमला बोला। वे वीरवार को मैना पर्यटन केंद्र में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। राज्यसभा सदस्य डा. सशील गुप्ता ने कहा कि आम आदमी पार्टी पहले दिन से ही इसके विरोध में है। संसद में भी विरोध किया और सड़क पर भी इसके विरोध में पार्टी संघर्ष कर रही है। लेकिन केंद्र सरकार ने लोकतंत्र की अनदेखी करके अलोकतांत्रिक तरीके से कृषि अधिनियम मंजूर किए हैं।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार एमएसपी खत्म नहीं करने की बात कर रही है। जब एमएसपी खत्म ही नहीं हो रहा है तो अधिनियम में इसका जिक्र करने में क्या दिक्कत है।
उन्होंने कहा कि देश का किसान केंद्र सरकार को समय आने पर इसका जवाब जरूर देगा। उन्होंने हाथरस में युवती के साथ बर्बरता की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए उत्तरप्रदेश में कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े किए।
उन्होंने कहा कि यह भाजपा-जजपा गठबंधन सरकार ज्यादा दिन तक चलने वाली नहीं है।
उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला को किसान विरोधी बताते हुए कहा कि उनको किसान के हित नहीं बल्कि सरकार में कुर्सी अच्छी लगती है। ताऊ देवीलाल के नाम पर राजनीति करने वाले दुष्यंत को किसानों के अधिकारों को लेकर अपने पद से तुरंत इस्तीफा दे देना चाहिए। उन्होंने बरोदा उपचुनाव को लेकर पूछे गए सवाल पर कहा कि अभी पार्टी इस पर विचार कर रही है। प्रत्याशी उतारना है या नहीं, इसका फैसला जल्द करेंगे। इस अवसर पर उनके साथ अश्वनी दुल्हेड़ा, जिला अध्यक्ष एडवोकेट महाराज, मदन लाल मौजूद थे।