राजबीर हत्याकांड का पर्दाफाश, सौतेले बेटे ने ही पीट-पीटकर की थी डेयरी संचालक पिता की हत्या
मोखरा गांव में हुए राजबीर हत्याकांड का पर्दाफाश हो गया है। सौतेले बेटे ने ही पीट पीटकर डेयरी संचालक िपिता की हत्या कर दी थी। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है।
रोहतक, जेएनएन। मोखरा गांव के डेयरी संचालक राजबीर की हत्या उसके सौतले बेटे ने की थी। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर हत्याकांड का पर्दाफाश किया। आरोपित पत्नी को मायके से लाना चाहता था, लेकिन डेयरी संचालक उसका विरोध कर रहा था। इसीलिए हत्याकांड को अंजाम दिया गया। आरोपित को कोर्ट में पेश कर दो दिन के रिमांड पर लिया गया है।
डीएसपी महेश कुमार ने प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि 13 सितंबर को मोखरा गांव निवासी 55 वर्षीय राजबीर की हत्या कर दी गई थी। राजबीर गांव के बाहर डेयरी चलाता था, जिसका शव सुबह के समय चारपाई पर पड़ा मिला था। उसकी गर्दन और चेहरे पर चोट के निशान मिले थे। मृतक के भाई वजीर की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ बहुअकबरपुर थाने में मामला दर्ज किया गया था।
थाना पुलिस और सीआइए-1 की संयुक्त टीम ने राजबीर के सौतले बेटे सुनील को जांच में शामिल कर पूछताछ की। आरोपित ने हत्याकांड को अंजाम देना स्वीकार किया। पूछताछ में बताया कि आरोपित सुनील के पिता रामकंवर की कुछ साल पहले मौत हो गई थी।
रामकंवर की मौत के बाद राजबीर ही उसकी पत्नी और बेटों की देखभाल कर रहा था। यानी कि उसने सुनील को गोद ले रखा था। सुनील भी राजबीर के साथ डेयरी में रहता था। सुनील की शादी वर्ष 2016 में चरखी दादरी जिले के सांजरवास गांव की युवती से हुई थी।
ससुरालियों से अनबन होने की वजह से सुनील की पत्नी करीब सात माह से अपने मायके में रह रही है। सुनील अपनी पत्नी को वापस लाना चाहता था, लेकिन राजबीर उसे वापस लाने के पक्ष में नहीं था। इसी बात को लेकर उनके बीच कई बार झगड़ा हुआ। 12 सितंबर की रात भी डेयरी में झगड़ा हुआ। जिसके बाद सुनील ने डंडे से अपने पिता राजबीर पर वार कर दिए और गला दबा दिया। हत्याकांड को अंजाम देने के बाद वह डेयरी से चला गया था।