पश्चिमी विक्षोभ से रुक-रुक कर हो रही बूंदाबांदी, बढ़ी ठंड, प्रदूषण की छुट्टी
आठ नवंबर तक ऐसा ही मौसम बना रहेगा और बारिश होने से पर्यावरण के लिहाज से सही रहेगा क्योंकि बारिश आने से वातावरण में फैले पार्टिकुलेट मैटर को बैठने में आसानी होगी।
हिसार, जेएनएन। बीते कुछ दिनों से प्रदूषण ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया था। इसके बाद से लोगों को राहत तो मिली लेकिन अभी कसर बाकी थी। मगर बुधवार रात को चली तेज हवाओं और हल्की बूंदाबांदी से पर्यावरण एकदम साफ हो गया। इतना ही नहीं गुरुवार की सुबह फिर से हुई बूंदाबांदी से ठंड भी बढ़ गई। अलसुबह ही लोग गर्म वस्त्र पहने नजर आए़। हरियाणा के कई जिलों में ऐसा ही मौसम बना रहा। हिसार समेत रोहतक, झज्जर, भिवानी आदि जिलों में मौसम बदल गया है। आठ नवंबर तक ऐसा ही मौसम बना रहेगा और बारिश होने से पर्यावरण के लिहाज से सही रहेगा क्योंकि बारिश आने से वातावरण में फैले पार्टिकुलेट मैटर को बैठने में आसानी होगी।
दिनभर जहां धूप निकली हुई थी वहीं बुधवार देर सायं को मौसम में करवट ली। सायं से ही तेज हवाएं और हल्की बूंदाबांदी तो हुई मगर अधिक राहत न मिल सकी। पश्चिमी विक्षोभ के गुजरने से मौसम में परिवर्तन हुआ। इसके कारण रात्रि के तापमान में पहले की तुलना में अधिक गिरावट दर्ज की गई है। बुधवार को अधिकतम तापमान 33.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जोकि सामान्य से 2 डिग्री कम रहा तो न्यूनतम तापमान 1 डिग्री कम रहकर 13.8 डिग्री सेल्सियस रहा। एचएयू के मौसम कृषि विज्ञान विभाग की मानें तो 8 नवंबर तक हल्की बूंदाबांदी की संभावना है।
पिछले 6 दिनों में यह रहा तापमान
तारीख- अधिकतम तापमान- न्यूनतम तापमान
1 नवंबर- 33.0 - 15.4
2 नवंबर- 25 - 17.3
3 नवंबर- 25 - 17.2
4 नवंबर- 30.1 - 16.3
5 नवंबर- 30.1 - 14.2।
6 नवंबर - 33.3 - 13.8