मनचलों पर शुरू हो गई आएएएफ की सख्ती, मनचले ने पैर पकड़ पीछा छुड़ाया जब पहुंची दुर्गा शक्ति
दुर्गा शक्ति रेपिड एक्शन फोर्स ने मनचलों पर शिकंजा कस दिया है। फोर्स की टीम ने बुधवार को बस स्टैंड पर एक मनचले को पकड़ा।
जेएनएन, हिसार : दुर्गा शक्ति रेपिड एक्शन फोर्स ने मनचलों पर शिकंजा कस दिया है। फोर्स की टीम ने बुधवार को बस स्टैंड पर एक मनचले को पकड़ा। आरोप है कि युवक ने एक बुजुर्ग महिला का हाथ पकड़ लिया था। वह नेपाल का रहने वाला है। दुर्गा शक्ति रेपिड एक्शन फोर्स के सामने इस युवक ने बुजुर्ग महिला के पैर पकड़ कर माफी मांगी। महिला द्वारा शिकायत न देने पर युवक को चेतावनी देकर छोड़ दिया गया।
जानकारी के अनुसार बस स्टैंड पर एक बुजुर्ग महिला खड़ी थी। इस दौरान एक युवक इस महिला के हाथ को दबाते हुए आगे निकल गया। महिला द्वारा शोर मचाने पर वहां पर मौजूद लोगों ने उसे पकड़ लिया। यह पता लगते ही पास में गश्त कर रही दुर्गा शक्ति रेपिड एक्शन फोर्स की टीम वहां पर पहुंच गई। फोर्स की इंचार्ज सुनीता शर्मा ने युवक से पूछताछ की। इंचार्ज के सामने युवक ने बुजुर्ग महिला के पैर छूकर माफी मांगी और भविष्य में गलती न करने का कहा। उस दौरान वहां पर युवक से दंड-बैठक निकलवाई गई। बुजुर्ग महिला ने युवक के माफी मांगने पर उसके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं करानी चाही। बुजुर्ग महिला के इनकार करने पर इस युवक को चेतावनी देकर छोड़ दिया गया।
दुर्गा शक्ति रेपिड एक्शन फोर्स की टीम इंचार्ज सुनीता शर्मा के नेतृत्व में शहर के शिक्षण संस्थानों के बाहर पहुंची और गश्त की। टीम को देखकर शिक्षण संस्थानों के बाहर मनचले युवक नजर नहीं आए। यही नहीं जो युवक बिना हेलमेट के बाइक पर घूम रहे थे। वे भी वहां से गुजरते हुए बचते नजर आ आए। 10 बजे तक आई 29 शिकायतें
दुर्गा शक्ति एप पर बुधवार रात 10 बजे तक महिलाओं की 29 शिकायतें आई। ज्यादातर महिलाओं की पति या ससुरालजनों के खिलाफ शिकायतें थी। इसके अलावा कुछ युवतियों या महिलाओं की शिकायत थी कि कोई उसे फोन पर परेशान कर रहा है या मैसेज भेज रहा है।