शादी में आए लोगों को समझा तब्लीगी जमाती, सूचना पर दौड़ी पुलिस
शादी में आए लोगों को दिल्ली मरकज से आए लोग समझ कर पुलिस को सूचना दे दी गई। 12 लोगों की सूचना पर पुलिस में हड़कंप मच गया।
हिसार, जेएनएन। तब्लीगी जमात के लोगों की पहचान करने के लिए पुलिस विभाग लगा हुआ है। शुक्रवार को शिव कालोनी में दिल्ली से कुछ लोगों के हिसार आने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच की। जांच में सामने आया कि मुस्लिम समाज के लोग 21 मार्च को हुई शादी में शामिल होने के लिए आए थे। लॉकडाउन होने के बाद वह वापस नहीं जा सके। पुलिस ने अभी जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार दिल्ली के तब्लीगी जमात से काफी ज्यादा लोग निकले हैं। उनको कोरोना वायरस के संक्रमण से ग्रसित होने का शक है। उनको क्वारंटाइन कर सरकार की तरफ से जांच की जा रही है। ऐसे में आम आदमी किसी भी व्यक्ति को देखने के बाद पुलिस को सूचित कर रहा है। पुलिस ऐसे लोगों की पहचान करने के साथ उनकी जांच कर रही है। यदि किसी व्यक्ति पर शक होता है तो उसकी स्वास्थ्य विभाग के जरिए जांच करवा रही है।
हिसार के हांसी में दो लोग दो दिन पहले मिले थे। उनको प्रशासन की तरफ से क्वारंटाइन कर जांच की जा रही है। उनके सैंपल भी भेजे गए हैं। वहीं पुलिस प्रशासन अपनी गुप्तचर एजेंसी के जरिए भी ऐसे लोगों की पहचान में जुटा है।
मरकज में शामिल होने के शक पर करवाया मेडिकल
गांव किरमारा में उस समय हडकंप मच गया, जब ग्रामीणों को सूचना मिली कि गांव में एक समुदाय का व्यक्ति दिल्ली मरकज में शामिल होकर आया है। ग्रामीणों ने सूचना मेडिकल टीम को दी। मेडिकल टीम ने जांच पड़ताल कर उसे स्वस्थ बताते हुए एहतियातन घर पर ही रहने के लिए कहा। बातचीत में किरमारा निवासी उक्त व्यक्ति ने बताया कि वह पिछले दो सालों से मरकज में नहीं गया। केवल एक बार 2016 में मरकज में गया था। वहीं पुलिस ने लोगों से सहयोग की अपील की है।