पीएम नरेन्द्र मोदी ने पूछा इतने खिलाड़ी हैं, हरियाणा की धरती में ऐसा क्या है, उन्नति बोलीं- जी दूध-दही खाते हैं
महिला टीम में सबसे कम उम्र की बैडमिंटन खिलाड़ी हरियाणा के रोहतक की 15 वर्षीय उन्नति हुड्डा की प्रतिभा से प्रधानमंत्री भी प्रभावित हो गए। मोदी ने उन्नति से पूछा कि हरियाणा की धरती में ऐसा क्या है जो एक के बाद एक खिलाड़ी निकल रहे हैं।
जागरण संवाददता, रोहतक : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने थाइलैंड में आयोजित थामस एंड उबर कप में शामिल भारतीय खिलाड़ियों से संवाद किया। महिला टीम में सबसे कम उम्र की बैडमिंटन खिलाड़ी हरियाणा के रोहतक की 15 वर्षीय उन्नति हुड्डा की प्रतिभा से प्रधानमंत्री भी प्रभावित हो गए। मोदी ने उन्नति से पूछा कि हरियाणा की धरती में ऐसा क्या है, जो एक के बाद एक खिलाड़ी निकल रहे हैं। उन्नति हुड्डा ने पूरे आत्मविश्वास के साथ कहा कि एक तो हरियाणा में दूध-दही का खाना है, दूसरा हरियाणवी कभी हार नहीं मानते। भारतीय पुरुष टीम ने थामस कप जीतकर इतिहास कायम किया है जबकि महिला टीम उबर कप में उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सकी। पीएम और उन्नति हुड्डा के बीच कुछ रोमांचक संवाद हुआ।
रोहतक की 15 वर्षीय उन्नति हुड्डा ओडिशा ओपन 2022 बैडमिंटन टूर्नामेंट जीतकर सुर्खियों में आई थी। उस वक्त वो महज 14 साल की थीं और उनका एशियन गेम्स के लिए भारतीय टीम में चयन हुआ था। एशियन गेम्स के साथ-साथ प्रतिष्ठित उबेर कप के लिए भी वे चुनी गईं। उन्नति हुड्डा ने महज सात साल की उम्र में ही खेलना शुरू कर दिया था।
राष्ट्रमंडल खेलों में चयन भी मामूली अंक से रह गया था। मगर नई दिल्ली में संपन्न हुए ट्रायल के बाद भारतीय बैडमिंटन संघ ने राष्ट्रमंडल, एशियन गेम्स और उबेर व थामस कप के लिए पुरूष व महिला टीम के चयन सूची जारी की तो इसमें उन्नति का नाम था। बस यहीं से उन्नति का नाम बच्चे बच्चे की जुबान पर चढ़ गया।
छोटूराम स्टेडियम स्थित सेंटर में करती हैं प्रैक्टिस
उन्नति हुड्डा रोहतक के डीजीवी स्कूल की छात्रा हैं और स्थानीय छोटूराम स्टेडियम स्थित बैडमिंटन सेंटर में प्रैक्टिस करती हैं। सरकारी कोच प्रवेश कुमार ने उनको मात्र साल साल की उम्र में बैडमिंटन की ट्रेनिंग देनी शुरू की थी। उन्नति ने इसके बाद कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा। उन्नति हुड्डा के पिता मूल रूप से चमारिया गांव निवासी उपकार हुड्डा परिवार सहित भरत कालोनी में रहते हैं। मां डा. कविता हुड्डा शिक्षिका हैं।