झज्जर में पहली डोज लेने वालों ने पार किया एक लाख का आंकड़ा, अब तक 113642 ने लगवाया कोरोना टीका
अब तक जिले में कुल 1 लाख 427 लोगों ने कोरोना वैक्सीन का पहला टीका लगवाया। इनमें से सबसे अधिक 60 वर्ष से ज्यादा उम्र के 54 हजार 80 लोगों ने पहली डोज ली है। वहीं दूसरी 13 हजार 215 लोगों ने दूसरी डोज लगवाई गई।
झज्जर, जेएनएन। कोरोना वैक्सीन का पहला टीका लगवाने वालों ने एक लाख का आंकड़ा पार कर लिया है। इनमें सबसे अधिक 60 वर्ष से ज्यादा उम्र के बुजुर्ग शामिल हैं। अब तक जिले में कुल 1 लाख 427 लोगों ने कोरोना वैक्सीन का पहला टीका लगवाया। इनमें से सबसे अधिक 60 वर्ष से ज्यादा उम्र के 54 हजार 80 लोगों ने पहली डोज ली है। वहीं दूसरी 13 हजार 215 लोगों ने दूसरी डोज लगवाई गई।
दूसरी डोज लेने वालों की संख्या अभी काफी कम है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा अधिक से अधिक लोगों को कोरोना वैक्सीन का टीका लगाने का प्रयास किया जा रहा है। टीकाकरण अभियान के तहत अब तक कुल 1 लाख 13 हजार 642 लोगों को कोरोना वैक्सीन का टीका लगाया जा चुका है। इनमें से 1 लाख 427 लोगों ने पहली डोज व 13 हजार 215 लोगों ने कोरोना वैक्सीन की दूसरी डोज ली है।
अब तक 5092 हेल्थ वर्कर को पहली डोज व 3390 हेल्थ वर्कर को दूसरी डोज लगी है। वहीं 4587 फ्रंट लाइन वर्कर ने पहली व 2125 फ्रंट लाइन वर्कर ने दूसरी डोज ली। 45-59 वर्षीय 36 हजार 668 लोगों को पहला टीका लगाया गया है और 1545 लोगों को दूसरा टीका। अब तक 60 वर्ष से अधिक उम्र के 54 हजार 80 लोगों ने कोरोना वैक्सीन की पहली डोज व 6155 लोगों ने दूसरी डोज लगवाई है। वहीं शनिवार की बात करें तो कुल 1678 लोगों को कोरोना वैक्सीन का टीका लगाया गया।
डिप्टी सिविल सर्जन डा. संजीव मलिक ने बताया कि एक लाख से ज्यादा लोग कोरोना वैक्सीन का पहला टीका लगवा चुके हैं। विभाग अधिक से अधिक टीकाकरण करने के लिए प्रयास कर रहा है। इसके लिए जो भी टीकाकरण के इच्छुक लाभार्थी है, उनकी सुविधा अनुसार सेंटर बना रहा है। इसके लिए नागरिक अस्पताल झज्जर व बहादुरगढ़ को हर रोज टीकाकरण के लिए निश्चित सेंटर बना दिया है। वहीं सरकार के आदेशानुसार अब हर रविवार को छुट्टी के दिन भी टीकाकरण किया जा रहा है।