Payal Rohatgi के बचाव में आए मंगेतर संग्राम, कहा- विवादित पोस्ट डालना गलत, मगर जेल क्यों?
पायल रोहतगी ने पंडित मोतीलाल नेहरू जवाहर लाल नेहरू और इंदिरा गांधी के बारे में एक पोस्ट किया था। जेल में भेजने के बाद पायल को जमानत मिली तो संग्राम सिंह राजस्थान लेने पहुंचे थे
रोहतक [ओपी वशिष्ठ] मशहूर पहलवान एवं अभिनेता संग्राम सिंह अपनी मंगेतर बॉलीवुड एक्ट्रेस और मॉडल पायल रोहतगी द्वारा पंडित मोतीलाल नेहरू, जवाहर लाल नेहरू और इंदिरा गांधी के बारे में किए गए पोस्ट को लेकर बचाव में आ गए हैं। पायल के जमानत मिलने के बाद संग्राम ने कहा कि उन्हें इस तरह की पोस्ट नहीं डालनी चाहिए, जिससे किसी ही भावनाओं को ठेस पहुंचे। लेकिन यह ऐसा अपराध नहीं कि किसी को जेल में डाल दिया जाए। पायल के जमानत पर रिहा होने के बाद संग्राम दैनिक जागरण से फोन पर विशेष रूप से बातचीत की।
उन्होंने बताया कि पायल ने पंडित मोतीलाल नेहरू, जवाहर लाल नेहरू और इंदिरा गांधी के बारे में जो वीडियो पोस्ट सोशल मीडिया पर की थी, वह उन्होंने खुद नहीं बनाई थी। उन्होंने जो भी पोस्ट में कंटेंट दिया है, वह उसी किताब से लिया गया है। इसलिए उनके खिलाफ कोई आपराधिक केस नहीं बनता। संग्राम ने बताया कि वह खुद बूंदी (राजस्थान) की अदालत से जमानत मंजूर होने के बाद जेल में पायल को लेने आए हैं। अब बृहस्पतिवार को जयपुर से अहमदाबाद के लिए रवाना होंगे।
राजस्थान के बुंदी जेल से रिहा होने के बाद बुंदी में मंगेतर संग्राम सिंह के साथ पायल रोहतगी।
सीएएए और एनआरसी देशहित में है
संग्राम ने कहा कि नागरिकता संशोधन विधेयक (सीएए) और नेशनल रजिस्टर ऑफ सिटीजंस(एनआरसी) देशहित में है। यह देश में रहने वाले सभी नागरिकों के लिए बेहतर साबित होगा।
पायल के साथ संग्राम की हो चुकी है सगाई
रोहतक के संग्राम सिंह रियलिटी शो बिग बॉस-7 में रनरअप रहे थे। पायल रोहतगी के साथ संग्राम सिंह लंबे समय से लिव-इन-रिलेशनशिप में रहे हैं। पायल रोहतगी भी बिग बॉस में प्रतिभागी रह चुकी हैं। करीब दो साल पहले पायल और संग्राम की अहमदाबाद स्थित पायल रोहतगी के घर में सगाई हो चुकी है। काफी समय से शादी करने की प्लानिंग हो रही है। लेकिन अभी तक शादी की तारीख फाइनल नहीं हुई है। 2020 में ही शादी करने की योजना है।
सोशल मीडिया पर हिंदुत्व के पक्ष में सक्रिय हैं पायल
पायल सोशल मीडिया पर हिंदुत्व के पक्ष में सक्रिय रहती हैं। उन्होंने 6 और 21 सितंबर को मोतीलाल नेहरू, जवाहरलाल नेहरू, इंदिरा गांधी और परिवार के अन्य सदस्यों के खिलाफ फेसबुक, इंस्टाग्राम व ट्वटिर पर कुछ सामग्री पोस्ट की थी। इसके खिलाफ राजस्थान के बूंदी पुलिस थाने में पायल के खिलाफ केस दर्ज किया गया था। बूंदी पुलिस ने अहमदाबाद से उन्हें गिरफ्तार किया था। कोर्ट ने उन्हें 24 दिसंबर तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया था। मंगलवार को पायल को जमानत मिल गई।