तहसील परिसर में बना पटवार भवन हुआ जर्जर
इस भवन का निर्माण 1989 में हुआ था। तब से आज तक इसकी मरम्मत तक नहीं की गई। बरसात के समय इसकी छत से पानी टपकता रहता है। छत की लेंटर से पापड़ी गिर चुकी है। दोनों कमरे पूरी तरह जर्जर हो चुके हैं।
सुभाष पंवार, सिवानीमंडी
तहसील परिसर में बने पटवार भवन की हालत जर्जर होने के चलते पटवारियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पटवारी भय के साये में काम करने को मजबूर हैं। इसमें रोजाना सैकड़ों लोगों का आना जाना होता है, वहीं सरकारी कर्मचारी राजस्व के कार्य में लगे रहते हैं। यह भवन कभी भी ढह सकता है।
इस भवन का निर्माण 1989 में हुआ था। तब से आज तक इसकी मरम्मत तक नहीं की गई। बरसात के समय इसकी छत से पानी टपकता रहता है। छत की लेंटर से पापड़ी गिर चुकी है। दोनों कमरे पूरी तरह जर्जर हो चुके हैं। यहां शहर का पूरा राजस्व रिकॉर्ड रखा हुआ है। बारिश होने पर इसके भीगकर खराब होने का खतरा रहता है।
इस बारे में बात करने पर पटवारी आत्माराम ने बताया कि भवन कई सालों से काफी जर्जर है। इसके बारे में राजस्व विभाग के अधिकारियों को लिखा गया है। साथ ही नायब तहसीलदार से भी इसकी मरम्मत कराने या बदले जाने की मांग की है।
वहीं नायब तहसीलदार कृष्ण कुमार ने बताया कि इस मामले में उच्चाधिकारियों को पत्र लिखकर इसकी मरम्मत कराने या कार्यालय दूसरी शिफ्ट करने की मांग करेंगे।