धनखड़ बोले- हरियाणा के 14 लाख किसान कृषि बिल के समर्थन में पीएम मोदी को लिखेंगे पत्र
हरियाणा भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ ने कहा कि कृषि क्षेत्र में सुधार के लिए लाए गए तीनों कानून पूरी तरह से किसानों के लिए लाभकारी हैं। प्रदेश के 14 लाख किसानों से संपर्क साधकर प्रधानमंत्री के नाम पत्र लिखवाएगी जिसमें कृषि सुधार के लिए उठाए गए कदमों को सराहना होगी
हिसार, जेएनएन। एक तरफ जहां हाल में ही बनाए गए कृषि कानूनों को लेकर कई राज्यों में विरोध हो रहा है, वहीं हरियाणा भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ ने कहा कि कृषि क्षेत्र में सुधार के लिए लाए गए तीनों कानून पूरी तरह से किसानों के लिए लाभकारी हैं। इसके लिए प्रदेश के किसान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आभारी हैं।
प्रदेश भाजपा प्रदेश के 14 लाख किसानों से संपर्क साधकर प्रधानमंत्री के नाम पत्र लिखवाएगी जिसमें कृषि सुधार के लिए उठाए गए कदमों को सराहना की जाएगी। वे हिसार भाजपा कार्यालय में सात जिलों (सिरसा, फतेहाबाद, जींद, रोहतक, भिवानी, हिसार, दादरी) के मंडल अध्यक्षों और किसान मोर्चा के सदस्यों की एक दिवसीय कार्यशाला में उपस्थित हुए और इसके बाद पत्रकारों से बातचीत की।
इस दौरान ओमप्रकाश धनखड़ ने भरोसा दिलाया कि मंडियों की व्यवस्था पहले की तरह ही बनी रहेगी और फसलें न्यूनतम समर्थन मूल्य पर ही खरीदी जाएंगी। कुल मिलाकर मंडियों में किसानों की फसलों की खरीद की जो व्यवस्था वर्तमान में है, वह इसी प्रकार से बनी रहेगी। उन्होंने कहा कि 82 हजार किसान विभिन्न किसान संगठन समूह से जुड़े हुए हैं। इसके अतिरिक्त 25 हजार प्रगतिशील किसान ऐसे हैं, जिन्हें इन कानूनों का भरपूर लाभ होगा।
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस पार्टी अपनी सरकार के समय इन कानूनों के पक्ष में थी, लेकिन अब मौका-परस्ती की राजनीति कर झूठ बोलने और अफवाहें फैलाने का काम कर रही हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने अपनी सरकार के रहते जिस स्वामीनाथन आयोग का गठन किया था, उसकी सिफारिशों को रद्दी की टोकरी में डाल दिया। कांग्रेस सरकार ने तत्कालीन मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के नेतृत्व में भी एक कमेटी गठित की थी, जिसकी सिफारिश भी स्वामीनाथन आयोग की सिफारिशों के तले ही दबी रही। इसके विपरीत भाजपा ने अपनी सरकार बनने के बाद स्वामीनाथन आयोग की सिफारिशों को चरणबद्ध ढंग से लागू किया।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के समय किसानों को ढाई-ढाई रुपये के चेक मुआवजे के तौर पर दिए जाते थे। भाजपा की सरकार आने के बाद किसानों को उनकी खराब फसलों के लिए 12 हजार रुपये प्रति एकड़ तक का मुआवजा दिया गया। फसल बीमा योजना जैसी ऐतिहासिक योजना को लागू किया गया, जिसके तहत किसानों को 26 सौ करोड़ रुपये की क्लेम राशि दी गई है।
किसानों ने समर्थन में भेजी हैं चिट्ठियां
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत आज 14 लाख किसानों के खातों में 6 हजार रुपये प्रतिवर्ष आते हैं। कई किसानों ने कृषि क्षेत्र में सुधार के तीनों कानूनों के समर्थन में उन्हें चि_ी भेजी है। इन चि_ियों को दिखाते हुए भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि ऐसी चि_ियों से प्रेरणा पाकर भाजपा कार्यकर्ता, कांग्रेस और अन्य विपक्षी पार्टियों के झूठ का पर्दाफाश करेंगे और 14 लाख किसानों से सम्पर्क साधकर कृषि क्षेत्र में सुधार के कानूनों के समर्थन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम धन्यवाद पत्र लिखे जाएंगे।
विकास के मुद्दे पर लड़ा जाएगा बड़ोदा उपचुनाव
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि बरोदा का उपचुनाव विकास के मुद्दे पर लड़ा जाएगा। उपचुनाव की तैयारियों को लेकर 10 अक्टूबर को चुनाव समिति की बैठक बुलाई गई है। उन्होंने कहा कि बरोदा की जनता उपचुनाव में भाजपा के उम्मीदवार को जिताएगी।