हरियाणा में 2651 राशन डिपो लाइसेंस के लिए ऑनलाइन आवेदन शुरू, जानिए पूरा प्रोसेस
हरियाणा सरकार ने 2,651 राशन डिपो के लाइसेंस आवंटन के लिए 10 नवंबर तक ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए हैं।

हरियाणा में 2,651 राशन डिपो के लाइसेंस के लिए आवेदन आमंत्रित।
HighLights
हरियाणा में 2,651 राशन डिपो लाइसेंस के लिए आवेदन
महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण, 10 नवंबर तक करें आवेदन
स्वरोजगार को बढ़ावा, सार्वजनिक वितरण प्रणाली होगी मजबूत
जागरण संवाददाता, हिसार। हरियाणा में रिक्त 2,651 राशन डिपो के लाइसेंस आवंटित करने के लिए 10 नवंबर तक ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
इस योजना के तहत महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण दिया जाएगा, जिससे महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा मिलने के साथ युवाओं के लिए स्वरोजगार के अवसर भी सृजित होंगे।
खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के प्रवक्ता ने बताया कि हरियाणा सरकार द्वारा राशन डिपो के लाइसेंस के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया से संबंधित पोर्टल का शुभारंभ किया जा चुका है।
इस पहल का मुख्य उद्देश्य गरीब एवं पात्र परिवारों तक राशन की सुविधा सुगमता से पहुंचाना, विशेषकर उन क्षेत्रों में रहने वाले परिवारों को राहत प्रदान करना है, जहां मौजूदा राशन डिपो दूर स्थित हैं।
नए डिपो आवंटित होने से सार्वजनिक वितरण प्रणाली को और अधिक मजबूत बनाने में मदद मिलेगी। उन्होंने बताया कि इच्छुक एवं पात्र आवेदक हरियाणा अंत्योदय सरल पोर्टल https://saralharyana.gov.in के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन जमा कर सकते हैं।
आवेदन प्रक्रिया से संबंधित विस्तृत जानकारी खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग की आधिकारिक वेबसाइट https://haryanafood.gov.in पर उपलब्ध है।
