निर्भया मामले में एक और पैंतरा : दोषियों के माता-पिता सहित 13 ने राष्ट्रपति से मांगी इच्छा मृत्यु
निर्भया मामले में दोषियों के माता-पिता व बहन सहित 13 लोगों ने राष्ट्रपति के समक्ष इच्छा मृत्यु की गुहार लगाई है।
हिसार [अमित धवन]। निर्भया केस में चारों अभियुक्तों की फांसी को महज पांच दिन शेष हैं। इसी बीच एक नया पैंतरा चलते हुए दोषियों के माता-पिता व बहन सहित 13 लोगों ने राष्ट्रपति के समक्ष इच्छा मृत्यु की गुहार लगाई है। रविवार को वकील एपी सिंह ने अभियुक्तों के परिजनों की ओर से राष्ट्रपति सचिवालय में इच्छा मृत्यु का प्रार्थना पत्र जमा कराया। वे शनिवार को जब हिसार जेल में बंद बरवाला सतलोक आश्रम के संचालक रामपाल से मिलने आए थे, तब इस बारे में जानकारी दी थी।
बहुचर्चित निर्भया केस में कई बार डेथ वारंट जारी किए जा चुके हैं। नए डेथ वारंट में उनको 20 मार्च को फांसी दिए जाने के निर्देश दिए गए हैं। अधिवक्ता एपी सिंह ने बताया कि अभी इस केस में अभियुक्तों के पास विकल्प बचे हैं, जिनका वे इस्तेमाल करेंगे। अदालत में इससे संबंधित याचिकाएं भी लंबित हैं। वह फांसी के खिलाफ हैं और चारों को फांसी नहीं होने देंगे।
इच्छा मृत्यु का यह बनाया आधार
- दोषी मुकेश की 70 वर्षीय मां राम बाई ने अपने पोते के साथ इच्छा मृत्यु की गुहार लगाई है। उसने अपील में कहा कि उसके एक बेटे राम सिंह की जेल में मौत हो चुकी है। उनका आरोप है कि जेल में उसकी हत्या की गई है। राम सिंह का बेटा अब उनके पास ही रहता है।
- दोषी पवन के 55 वर्षीय पिता, 49 वर्षीय मां इंद्र देवी, बहन भारती और शीतल ने भी इच्छा मृत्यु मांगी है। इसमें हीरालाल ने कहा कि वह किसी तरह रेहड़ी लगाकर गुजर बसर कर रहा है। उसकी बेटी की शादी भी इस मामले के बाद नहीं हो पाएगी, इसलिए उनको इच्छा मृत्यु दी जाए।
- दोषी विनय शर्मा के पिता हरीराम, माता चंपा देवी, बेटी इल्लू और मंजू देवी ने कहा है कि वह झुग्गी में रहते हैं और बीमार हैंं। विनय जेल में पेंटिंग बनाकर बेचता है तो कुछ पैसे भेज देता है। इससे परिवार चल रहा है। उसको फांसी के बाद उनका जीना भी मुश्किल हो जाएगा।
- दोषी अक्षय के पिता सरयू सिंह, माता मालती देवी और नाबालिग बेटे ने इच्छा मृत्यु देने की गुहार लगाई है। अक्षय के माता-पिता ने कहा है कि कब उनकी मौत हो जाए, यह पता नहीं। इसलिए पौत्र समेत तीनों को एक साथ इच्छा मृत्यु दे दी जाए।
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें