सेक्टरों में सफाई का नया टेंडर, पुराने कर्मचारी हटाए
निगम में धरने पर बैठे सफाई कर्मचारियों के समर्थन में नगर पालिका कर्मचारी संघ भी आ गया। धरने को संबोधित करते हुए यूनियन पदाधिकारियों ने निगम प्रशासन को चेताया कि यदि जल्द इन कर्मचारियों को रोजगार वापस नहीं दिया गया तो निगमकर्मी भी उनके समर्थन में आ जाएंगे और हड़ताल करेंगे।
जागरण संवाददाता, हिसार : सेक्टरों में करीब दो वर्षो से सफाई करने वाले 100 से अधिक कर्मचारी नगर निगम में अनिश्चितकालीन धरने पर बैठ गए। कारण रहा कि नगर निगम प्रशासन ने सफाई का नया टेंडर कर दिया है। जिसे पलवल की नई कंपनी ने लिया है। इसी कारण पुरानी एजेंसी हरियाणा मैनपॉवर सर्विसेज के सभी 175 सफाई कर्मचारियों को हटा दिया गया है। इसके विरोध में सेक्टरों में सोमवार सुबह साफ-सफाई का कार्य भी नहीं हुआ।
निगम में धरने पर बैठे सफाई कर्मचारियों के समर्थन में नगर पालिका कर्मचारी संघ भी आ गया। धरने को संबोधित करते हुए यूनियन पदाधिकारियों ने निगम प्रशासन को चेताया कि यदि जल्द इन कर्मचारियों को रोजगार वापस नहीं दिया गया तो निगमकर्मी भी उनके समर्थन में आ जाएंगे और हड़ताल करेंगे।
15 नवंबर तक था पुराना टेंडर
16 अप्रैल 2018 से हरियाणा मैनपॉवर सर्विसेज के पास सेक्टरों की सफाई का टेंडर था। इन सेक्टरों की सफाई पर मासिक करीब 27 लाख 80 हजार रुपये खर्च होता था। अब पलवल की नई एजेंसी को टेंडर किया है। जिसे करीब 2.48 करोड़ में टेंडर दिया बताया जा रहा है, यानि करीब 20 लाख रुपये मासिक खर्च। नए टेंडर के अनुसार निगम को प्रतिमाह करीब 8 लाख रुपये की आर्थिक बचत होगी। निगम अफसरों के अनुसार नई एजेंसी को एरिया भी अधिक दिया है।
इन सेक्टरों में पुरानी एजेंसी संभाल रही थी काम
सेक्टर का नाम, सड़क की लंबाई (किमी में) जिसे करना है साफ
सेक्टर 13 पार्ट-1 15
सेक्टर-14 व सीयूई 40
सेक्टर 27-28 2.70
सेक्टर 13 पार्ट-2 व सेक्टर 16-17 31.12
सेक्टर 9-11 39
अर्बन एस्टेट-टू 19
सेक्टर पीएलए, सेक्टर 15 और ओल्ट कोर्ट कांप्लेक्स 23.40
सेक्टर मेलाग्राउंड 4.70
----------
सेक्टरों की सफाई का नया टेंडर होने से करीब 175 सफाई कर्मचारी बेरोजगार हो गए हैं। हमारी मांग है कि इन्हें रोजगार दिया जाए। निगम इन्हें पेरोल पर कर नौकरी दे। यदि ऐसा नहीं हुआ तो निगम में अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे कर्मचारियों के समर्थन में हड़ताल करेंगे।
- प्रवीण कुमार, प्रधान, नगर पालिका कर्मचारी संघ हिसार।
------
मेरे पास साल 2018 से 15 नवंबर 2020 तक सफाई का टेंडर था। निगम ने एसवीएन एसोसिएट नाम की पलवल की कंपनी को 16 नवंबर 2020 से टेंडर दिया है। मेरी निगम प्रशासन से मांग है कि जिन कर्मचारियों ने शहर को सुंदर बनाने में सहयोग किया, उन्हें नए टेंडर में रोजगार प्रदान करें। इसी काम से ये अपने परिवार का पालन पोषण कर रहे हैं।
- रतन सैनी, संचालक, हरियाणा मैन पॉवर सर्विसेज, हिसार।
----------
नई एजेंसी को टेंडर देने से निगम को आर्थिक बचत होगी। इस एजेंसी को सफाई का क्षेत्रफल भी पूर्व के मुकाबले अधिक दिया है। रहीं बात हटाए गए कर्मचारियों की तो मेरे पास उनके संबंध में कोई मांग नहीं आई। यदि मांग आई तो नियमानुसार जो संभव होगा, वह किया जाएगा।
- अमन ढांडा, कार्यकारी अधिकारी, नगर निगम हिसार।