दोस्तों के साथ जन्मदिन की पार्टी मना रहे युवक की चाकुओं से गोद की हत्या Hisar news
मृतक हिसार जिले के किरमारा गांव का था। मृतक विनीत शहर के ही एक निजी सेंटर में पढ़ाई करता था। वारदात का कारण निजी दुश्मनी या कहासुनी को माना जा रहा है।
हिसार, जेएनएन। हिसार में रेड स्कवेयर मार्केट में दिनदहाड़े एक युवक की कुछ युवकों ने चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी। युवक पर जिस वक्त हुआ उस वक्त वह अपने दोस्तों के साथ एक होटल में जन्मदिन की पार्टी मना रहा था। युवक पर कई लड़कों ने मिलकर हमला कर दिया। घायल अवस्था में युवक को सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी हालत को गंभीर देखते हुए अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में रेफर कर दिया। मगर ज्यादा खून बहने और घाव गहरे होने के चलते घायल युवक ने दम तोड़ दिया। मृतक को पोस्टमार्टम के लिए शवगृह ले जाया गया है।
वहीं पुलिस मामले की जांच में जुटी है। घटनाक्रम भी सीसीटीवी फुटेज में कैद हो गया है। जिसमें हमलावर साफ नजर आ रहे हैं और उनके हाथ में चाकू है। मृतक के साथ भी कुछ दोस्त थे मगर चाकू देख वे कुछ नहीं कर सके और इस हमले में महज 20 साल के एक युवक की जान चली गई।
पुलिस जानकारी के अनुसार मृतक हिसार जिले के किरमारा गांव का था। मृतक विनीत शहर के ही एक निजी सेंटर में पढ़ाई करता था। वारदात का कारण निजी दुश्मनी या कहासुनी को माना जा रहा है। वहीं पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपितों तक पहुंचने की कयास में जुटी है।
मृतक का फाइल फोटो...................
बता दें कि शनिवार दोपहर करीब एक से दो बजे के बीच में यह घटना घटी है। जिस वक्त वारदात हुई उस वक्त यहां खूब चहलपल थी। क्षेत्र में अनेक कोचिंग इंस्टीच्यूट हाेने के कारण आवाजाही बनी रहती है। मगर छात्रों को आपस में लड़ते देख किसी की बीच में आने की हिमाकत नहीं हुई। हालांकि आमदिनों में यहां पुलिस पीसीआर भी मौजूद रहती है। मगर शनिवार को यह वारदात रोकने के लिए किसी तरह का कदम नहीं उठाया गया। वहीं जिस उम्र में युवा अपना करियर बनाने की सोचते हैं उस उम्र में युवाओं के मन में इस तरह का आक्रोश और आवेश चिंतनीय है।