महिला की हत्या कर शव नहर में फेंका, मुंह पर बंधा मिला कपड़ा
महिला की गला दबाकर हत्या करने की संभावना जताई जा रही है। पुलिस ने मौके पर महिला की शिनाख्त की कोशिश की लेकिन शिनाख्त नहीं होने पर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
रोहतक, जेएनएन। अज्ञात बदमाशों ने एक महिला की कपड़े से मुंह दबाकर हत्या कर शव नहर में फेंक दिया। बृहस्पतिवार की देर शाम बोहर पाना गांव के किसानों ने खेत में काम करते समय नहर में शव देखकर पुलिस को सूचना दी। अर्बन स्टेट थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को बाहर निकाला।
बताया जा रहा है कि मृतक महिला का मुंह एक कपड़े से बंधा हुआ था। जिसके चलते महिला की गला दबाकर हत्या करने की संभावना जताई जा रही है। पुलिस ने मौके पर महिला की शिनाख्त की कोशिश की, लेकिन शिनाख्त नहीं होने पर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
गांव बोहर पाना निवासी महीपाल पुत्र महेंद्र ने पुलिस को शिकायत देकर हत्या की धाराओं में मामला दर्ज कराते हुए जांच शुरू कर दी है। मृतक महिला ने लाल रंग का सूट व सफेद पजामी पहनी हुई है। जबकि महिला की उम्र करीब 35 वर्ष बताई जा रही है। फिलहाल पुलिस महिला की शिनाख्त का प्रयास कर रही है। अर्बन स्टेट थाना प्रभारी बलवंत सिंह ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शिनाख्त का प्रयास किया जा रहा है। संभवत: हत्या कहीं और करके शव नहर में फेंका गया है।
बाजार से लौट रही महिला से छीना पर्स
रोहतक : कमल कालोनी निवासी एक महिला से बाजार से लौटने समय बाइक सवार बदमाशों ने पर्स छीन लिया। पीडि़त महिला चेतना पत्नी दीपक ने सिविल लाइन थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह बुधवार की शाम बाजार में गई थी। सामान लेकर स्कूटी पर घर लौट रही थी तो स्वीट चौक चार खंभे के पास पीछे से आए बाइक सवार बदमाशों ने उसका पर्स छीन लिया और फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।