Murder in Fatehabad: पत्नी पर रखता था बुरी नजर, पति ने टोका तो चाकू गोद कर दी हत्या
फतेहाबाद में एक युवक की हत्या कर दी गई। उसकी दो साल पहले शादी हुई थी। पत्नी पर बुरी नजर रखे जाने के कारण गोरे लाल उसकी मां के घर छोड़ आया। अशोक इस बात से झल्ला गया और मार दिया
फतेहाबाद, जेएनएन। फतेहाबाद शहर के माजरा रोड पर बुधवार देर रात को पांच युवकों ने एक रेहड़ी चालक की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। घटना की सूचना मिलते ही शहर थाना प्रभारी के अलावा एसपी ने मौके का निरीक्षण किया। पुलिस ने इस मामले में मृतक भाई की शिकायत पर अशोक नगर निवासी सहित पांच के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। हालांकि इस मामले में अभी तक किसी भी आरोपित की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
पुलिस को दी शिकायत में उत्तरप्रदेश जिला कानपुर के गांव काशीपुर हाल आबाद अशाेक नगर निवासी सुशील कुमार ने बताया कि मैं मेहनत मजदूरी का काम करता हूं।
मेरे पिता का देहांत कई साल पहले हो गया। हम चार भाई है। मेरे से छोटा भाई 30 वर्षीय गोरा लाल फतेहाबाद में सब्जी की रेहड़ी लगाकर अपना रोजगार करता है। दो साल पहले ही उसकी शादी हुई थी और कोई बच्चा नहीं है। शिकायतकर्ता ने बताया कि उसके पड़ोस में रहने वाले अशोक नगर निवासी अशोक कुमार मृतक की पत्नी पर बुरी नजर रखता था। कई बार उसे समझाया लेकिन वो नहीं माना। इस कारण गोरे लाल अपनी पत्नी को उसके मायके उत्तरप्रदेश जिला कानपुर के गांव निगोहा में पांच महीने पहले छोड़कर आ गया। अशोक कुमार ने इसी वजह से अपने दोस्तों बतरा कालोनी निवासी मोनू उर्फ गुल्ला, सुंदर नगर निवासी महेंद्र व अशोक नगर निवासी मोनू व एक अन्य के साथ मिलकर कई बार गोरेलाल की पिटाई कर चुके है। बताया जा रहा है कि दो दिन पूर्व ही गली में एक गाड़ी खड़ी करने को लेकर गोरेलाल व अशोक में झगड़ा हो गया।
जिसकी शिकायत थाने में दी गई। लेकिन बाद में समझौता भी हो गया। बताया जा रहा है कि गोरेलाल 5 अगस्त की रात 9 बजे अपने घर से कोई सामान लेने के लिए गया था। माजरा रोड पर देर रात करीब 11 बजे जैसे ही वह आया तो उक्त पांचों युवकों ने उस पर हमला बोल दिया। बताया जा रहा है कि पहले तो जमकर पिटाई की और फिर गोरेलाल पर तीन बार चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। शहर थाना यादविंद्र सिंह के मौके पर पहुंचने के बाद एसपी राजेश कुमार भी पहुंच गए। उन्होंने घटना का निरीक्षण करने के बाद मृतक के भाई की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया। पुलिस अब आरोपितों की तलाश कर रही है।
---शिकायत मिलने के बाद हम मौके पर पहुंचे। शिकायतकर्ता ने चार युवकों व एक अन्य के खिलाफ शिकायत दी है। शिकायत के बाद हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
यादविंद्र सिंह, शहर थाना प्रभारी फतेहाबाद।
हिसार और आस-पास के जिलों की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें