नगर निगम की 'जादूगरी', वार्ड में जनसंख्या से ज्यादा बना दिए मतदाता
सुनील बैनीवाल, हिसार : यूं तो नगर निगम की कार्यप्रणाली पर पिछले दिनों सवाल उठते ही रहे
सुनील बैनीवाल, हिसार :
यूं तो नगर निगम की कार्यप्रणाली पर पिछले दिनों सवाल उठते ही रहे हैं। कभी होर्डिग को लेकर तो कभी अवैध निर्माणों को लेकर निगम के अफसर सुर्खियों में रहे हैं। इस सबके बीच निगम का एक और कारनामा सामने आया है। दरअसल, पिछले दिनों की गई वार्डबंदी में वार्ड तीन के साथ ऐसा खेल किया गया कि यहां जनसंख्या कम होने के बावजूद मतदाता ज्यादा दर्शाए गए हैं।
नगर निगम की वार्डबंदी पहले ही दिन से शक के दायरे में आ गई थी। वार्डबंदी के लिए जारी हुई मतदाता सूची ने वार्ड तीन की पार्षद शालू दीवान के होश उड़ा दिए। जब उन्हें पता चला कि उनके वार्ड की जनसंख्या से ज्यादा उनके वार्ड में वोटर हैं। ऐसा तब है जब दो वार्डों के कुछ हिस्से इस वार्ड में जोड़े गए हैं। अधिकारियों की इस लापरवाही ने साबित कर दिया है कि वार्डबंदी के दौरान बड़े स्तर पर धांधली हुई थी। सूत्रों की मानें तो विशेष जातिगत समीकरण बनाने के लिए यह वार्डों में बड़ा फेरबदल किया गया था, जिसका परिणाम मतदाता सूची में सामने आया है। वहीं महिला पार्षद ने सभी सबूतों सहित उपायुक्त व चुनाव आयोग को शिकायत करने का मन बना लिया है। क्योंकि यह पार्षद पहले दिन से ही उसके साथ भेदभाव करने के आरोप लगा रही थी। जो कहीं न कहीं मौजूदा मतदाता सूची में सही साबित हो रहे हैं।
...
बॉक्स :::
यह है मौजूदा स्थिति शालू दीवान वार्ड तीन से साल 2013 में पार्षद चुनी गई थीं। उस समय वार्ड की जनसंख्या 18355 थी और मतदाता 12563 थे। वार्डबंदी के लिए साल 2018 में सर्वे किया गया तो वार्ड तीन की जनसंख्या 13446 पाई गई। उसके बाद निगम के अधिकारियों ने रेंडम सर्वे किया और फाइनल वार्डबंदी तैयार की। जिसमें सभी वार्डों की जनसंख्या को नियमानुसार करते हुए वार्ड तीन की जनसंख्या को 16561 निर्धारित कर दिया गया। जो साल 2018 की जनसंख्या से 1814 लोग कम थी। 12 जून को जब बूथ वाइज वोटर लिस्ट जारी की गई तो उसमें मतदाताओं की संख्या 16784 सामने आई।
..
बॉक्स :::
वार्डबंदी में गड़बड़ी इस प्रकार आई थी सामने साल 2013 में वार्ड तीन की जनसंख्या - 18355
- 2013 में वार्ड तीन के मतदाता - 12563
- 2018 में वार्डबंदी सर्वे में वार्ड तीन की जनसंख्या - 13446
- रेंडम सर्वे में जनसंख्या निकलकर सामने आई - 18746
- फाइनल वार्डबंदी में वार्ड की जनसंख्या - 16561
- 12 जून 2018 का जारी हुई मतदाता सूची के अनुसार - 16784
..
बॉक्स :::
वार्ड तीन में फेरबदल से इन पार्षदों को मिला है लाभ वार्ड तीन में मतदाताओं की बढ़ोतरी का सीधा लाभ वार्ड दो और वार्ड एक के पार्षदों को मिलता है। जहां वार्ड एक का सेक्टर 14 के ढाई हजार मतदाताओं को कम जनसंख्या के चलते वार्ड दो में शामिल किया गया था। वहीं वार्ड दो में पड़ाव, मोरी गेट, जैन गली का बड़ा हिस्सा वार्ड तीन में जोड़ दिया गया।
..
- कोट्स :::
- मैंने पहली ही कहा था कि वार्डबंदी में अधिकारियों ने कुछ पार्षदों के साथ मिलकर गड़बड़ी की है। मतदाता सूची और जनसंख्या की गणना में अब सब स्पष्ट हो गया है। कुछ पार्षदों को लाभ पहुंचाने के लिए अधिकारियों ने यह खेल खेला है। इस मामले में उपायुक्त व चुनाव आयोग को शिकायत की जाएगी।
- शालू दीवान, पार्षद वार्ड तीन।
---
- अभी तक इस तरह का मामला मेरे संज्ञान में नहीं आया है। यदि ऐसा है तो उसकी जांच कराई जाएगी।
- डा. जयवीर ¨सह, ज्वाइंट कमिश्नर, नगर निगम हिसार।