नगरपालिका कर्मचारी संघ ने मांगों को लेकर दूसरे दिन भी दिया धरना
संवाद सहयोगी बरवाला नगरपालिका कर्मचारी संघ शाखा बरवाला के कर्मचारियों ने उप प्रधान भी
संवाद सहयोगी, बरवाला : नगरपालिका कर्मचारी संघ शाखा बरवाला के कर्मचारियों ने उप प्रधान भीराराम की अध्यक्षता में नगर पालिका कार्यालय में अपनी मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन धरना लगातार दूसरे दिन भी जारी रखा। संघ के सचिव जितेंद्र ने बताया कि नगर पालिका सचिव लंबे समय से कर्मचारियों की मांगों को अनदेखा कर रहे हैं। इसी के चलते नगरपालिका कर्मचारियों को अनिश्चितकालीन धरने पर बैठने पर मजबूर होना पड़ा। इस हड़ताल और धरने पर सर्व कर्मचारी संघ ब्लाक बरवाला के कर्मचारियों ने भी समर्थन किया। संघ के सचिव रामफल ने कहा कि नगरपालिका सचिव कर्मचारियों की मांगों को बातचीत के माध्यम से हल करें। अन्यथा सर्व कर्मचारी संघ इस आंदोलन में बढ़-चढ़कर भागीदारी करेगा। नगरपालिका कर्मचारियों ने कर्मचारियों को समय पर वेतन देने, गेहूं खरीदने के लिए लोन देने, एलटीसी जारी करने, कोरोना महामारी से निपटने के लिए सभी को सुरक्षा किट देने, रिटायर हुए कर्मचारियों को उनका पूरा लाभ देने, कर्मचारियों का पेंशन शेयर जमा करने के अलावा जिन कर्मचारियों का निधन हो चुका है, उनके आश्रितों को पूरा लाभ देने की मांग की। इस अवसर पर कर्मचारी नेताओं में सुरेश कुमार, रतन सिंह, रविदास, जैन सिंह, शांति देवी, सुजानी देवी, रोशनी, रामरति, जितेंद्र आदि कर्मचारी शामिल रहे।