तीन वर्षीय बेटी का गला घोंट मां ने लगाया फंदा, ससुराल पक्ष के लोगों का नाम लिख पेट पर चिपकाया सुसाइड नोट
ससुराल वालों पर दहेज उत्पीड़न परेशान होकर एक 26 वर्षीय मां ने पहले अपनी तीन वर्षीय बेटी का गला घोंट हत्या कर दी फिर खुद फंदा लगा आत्महत्या कर ली। पुलिस को मृतका के पेट पर सुसाइड नोट चिपका मिला। (फाइल फोटो)
संवाद सहयोगी, अग्रोहा (हिसार): कुलेरी गांव में 26 वर्षीय विवाहिता कविता ने पहले तीन साल की बेटी जीया का गला घोंटा फिर खुद फंदा लगा आत्महत्या कर ली। पुलिस को मृतका के पेट पर सुसाइड नोट चिपका मिला। इसमें कविता ने ससुराल वालों पर दहेज उत्पीड़न का आरोप लगाया है।
सूचना मिलने पर अग्रोहा पुलिस थाना प्रभारी प्रताप सिंह और फारेंसिक एक्सपर्ट डा. अजय चौधरी मौके पर पहुंचे। कविता के चाचा दलीप सिंह ने बताया कि शायद कविता को आशंका थी कि सुसाइड नोट कहीं रख दिया तो घर वाले उसे फाड़ देंगे। इसलिए उसने इसे पेट पर चिपका रखा था।
यह भी पढ़ें - G20 India: Y20 बैठक में बोले अनुराग ठाकुर- कभी जम्मू-कश्मीर में तिरंगा फहराने के लिए मुझे जेल जाना पड़ा था
देर रात हुआ अंतिम संस्कार
फतेहाबाद के धोलू निवासी दलीप सिंह ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उसके भाई धर्मपाल की बड़ी बेटी कविता की शादी 2016 में कुलेरी के विजेंद्र के साथ हुई। शादी के कुछ समय बाद से ही ससुराल वालों ने दहेज के लिए परेशान करना शुरू कर दिया था।
मंगलवार सुबह उसके पास फोन आया कि भतीजी कविता ने पहले तीन वर्षीय बेटी को मारा और फिर फंदे से झूल गई। पुलिस ने कविता के पति विजेंद्र, देवर रविंद्र, ससुर मेहताब, ननद समेसता के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। हादसा मंगलवार सुबह करीब 9 बजे हुआ लेकिन शव का पोस्टमार्टम करने में रात के नौ बज गए। आखिर में 10 बजे रात को गांव में अंतिम संस्कार किया गया।
यह भी पढ़ें - दहेज के केस से दुष्कर्म का नाम हटाने के लिए आरोपित ASI ने मांगी रिश्वत, पैसे लेते हुए रंगेहाथों हुआ गिरफ्तार