नैना चौटाला ने कसा तंज, कहा- देवर की चोटी में ही नहीं, हुड्डा को भी ला दिया पसीना
गढ़ी-सांपला-किलाई विधानसभा क्षेत्र के बोहर गांव में हरी चुनरी चौपाल कार्यक्रम में नैना चौटाला ने की तीखी बयानबाजी। कहा कांग्रेस और भाजपा ने महिलाओं के लिए कुछ नहीं किया
रोहतक, जेएनएन। इनेलो दल के बंटने के बाद सियासी बयानबाजी का दौर अभी भी जारी है। अभय और अजय दोनों ही पक्षों की ओर से एक के बाद एक तीखे बयान सामने आ रहे हैं। ताजा मामला रोहतक का है जहां नैना चौटाला ने अभय चौटाला पर तंज कसा। डबवाली से विधायक एवं जननायक जनता पार्टी की नेता नैना चौटाला ने कहा कि देवर (अभय चौटाला) की चोटी में पसीना लाने की बात कही थी।
लेकिन किलोई विधानसभा क्षेत्र की महिलाओं ने भारी संख्या में एकजुट होकर ताकत दिखाई है, उससे तो पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा को भी पसीना आ गया होगा। उन्होंने कहा कि न तो कांग्रेस और न ही भाजपा सरकार ने महिलाओं के उत्थान के लिए काम किया। अब महिलाएं खुद राजनीतिक ताकत बनेंगी। वे सोमवार को गांव बोहर में आयोजित हरी चुनरी चौपाल कार्यक्रम में महिलाओं को संबोधित कर रही थीं। उन्होंने महिलाओं द्वारा सम्मान में दी गई गदा को बाबा मस्तनाथ मठ में भेंट दिया।
नैना चौटाला ने कहा कि महिलाओं की शिक्षा, स्वास्थ्य और सुरक्षा की भाजपा सरकार लगातार अनदेखी कर रही है। महिलाओं की समस्याओं के समाधान के लिए कांग्रेस ने अपने 10 वर्ष के शासनकाल में कुछ नहीं किया और साढ़े चार वर्षों से भाजपा भी उसी राह पर चल रही है। उन्होंने कहा कि पूर्व सीएम भूपेंद्र ङ्क्षसह हुड्डा का गढ़ दरक रहा है और जेजेपी का गढ़ बनने जा रहा है।
नैना चौटाला ने कहा कि लड़कियों के पढऩे के लिए प्रयाप्त संख्या में शिक्षण संस्थान नहीं हैं और कन्या स्कूलों को अपग्रेड नहीं किया गया। सरकारी अस्पतालों में महिला डाक्टरों की भारी कमी है, पर्याप्त दवाईयां और जांच की सुविधाएं नहीं हैं। उन्होंने कहा कि जेजेपी की सरकार महिलाओं की सक्रिय भागीदारी होगी और उनकी भलाई करने वाली सरकार होगी। उन्होंने वादा किया कि सत्ता में आने पर महिलाओं के हितों की पैरवी में वकील बन कर करुंगी।
हर गांव में आरओ सिस्टम लगाकर स्वच्छ पानी उपलब्ध कराएंगे
नैना चौटाला ने कहा कि जेजेपी के सत्ता में प्रदेश के लोगों को पीने की पानी की समस्या से छुटकारा दिलवाने के लिए हर गांव कें आरओ सिस्टम लगाए जाएंगे। सरकारी अस्पतालों में महिला डाक्टरों की नियुक्ति के साथ साथ चिकित्सा जांच की सारी उपलब्ध करवाई जाएंगी। किसान, मजबूर, कमेरे वर्ग के कर्जे माफ होंगे। घर बैठे बुजूर्गों को प्रति माह तीन हजार रुपये पेंशन दी जाएगी और पेंशन के लिए महिलाओं की न्यूनतम आयु 60 वर्ष से कम करके 55 वर्ष व पुरूषों के लिए आयु 58 वर्ष की जाएगी। सरकारी कर्मचारियों की पुरानी पेंशन योजना बहाल की जाएगी और सरकारी स्कूलों में शिक्षकों के खाली पदों को भर कर दिल्ली की तर्ज पर बेहतरीन शिक्षा व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने पीएम और सीएम पर कटाक्ष करते हुए कहा कि बिना शादी के उनको महिलाओं की समस्याओं का कैसे पता चलेगा।