प्रियंका बोलींं- अभी मॉडलिंग पर है ध्यान, बॉलीवुड में भी आजमाऊंगी हाथ
मिस इंडिया इंटरकॉन्टिनेंटल प्रियंका कुमारी का कहना है कि वह मॉडलिंग के करियर में ही अपना ध्यान लगा रही है, लेकिन जल्द ही बॉलीवुड में भी हाथ आजमाएंगी।
जेएनएन, हिसार। पटना निवासी मिस इंडिया इंटरकॉन्टिनेंटल प्रियंका कुमारी ने कहा कि मिस वल्र्ड मानुषी छिल्लर हरियाणा से ही हैं और उन्हें इस सरजमीं पर आकर बेहद सुखद एवं रोमांचित अनुभव हो रहा है। शहर में आयोजित एक फैशन शो के सिलसिले में हिसार पहुंचीं प्रियंका पत्रकारों से बातचीत कर रही थी।
प्रियंका ने कहा कि उन्होंने मैकेनिकल इंजीनियर की पढ़ाई की है। ऐसे में फैशन इंडस्ट्री में जाने के उनके फैसले से उनके घर वाले काफी हैरान थे, लेकिन उनके परिवार वालों ने हर कदम उनका साथ दिया। लड़कियों को टिप्स देते हुए उन्होंने कहा कि जीवन में कभी भी हार नहीं माननी चाहिए। जो भी वो करना चाहती हैं, पूरी मेहनत से उस उद्देश्य को पूरा करने के लिए काम करेंगी तो सफलता जरूर मिलेगी।
उन्होंने कहा कि फिलहाल तो वह मॉडलिंग के करियर में ही अपना ध्यान लगा रही है, लेकिन जल्द ही बॉलीवुड में भी हाथ आजमाएंगी। वह जरूरतमंद वर्ग को खाना और कपड़े उपलब्ध करवाने के लिए एक एनजीओ भी बना रही है।
फैशन शो का हुआ आयोजन
आरपी डालमिया ग्रुप की तरफ से चौधरी रिसोर्ट में प्रोफेशनल फैशन शो का आयोजन किया गया। फैशन शो में शो स्टॉपर प्रियंका ने सभी को आकर्षित किया। हरियाणा फैशन एक्सपो-2018 में प्रियंका कुमारी के अलावा मुंबई से आई जानी-मानी मॉडल्स ने आरपी डालमिया ग्रुप की समर कलेक्शन पेश की।
यह भी पढ़ेंः बैंक मैनेजर हनीट्रैप में बुरी तरह फंसा तो कर ली आत्महत्या