हरियाणा की बास्केटबॉल खिलाड़ी के साथ दिल्ली और हरिद्वार में दुष्कर्म
एक बास्केटबॉल खिलाड़ी के साथ दिल्ली और हरिद्वार में ले जाकर दुष्कर्म किया गया। दुष्कर्म का आरोप झज्जर के कबड्डी खिलाड़ी पर है।
जेएनएन, रोहतक। शहर की एक बास्केटबॉल खिलाड़ी के साथ दिल्ली और हरिद्वार में ले जाकर दुष्कर्म किया गया। दुष्कर्म का आरोप झज्जर के कबड्डी खिलाड़ी पर है। पीडि़ता की शिकायत के आधार पर महिला थाना पुलिस ने आरोपित के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस को दी शिकायत में पीड़िता ने बताया कि वह पड़ोसी राज्य की रहने वाली है और रोहतक के एक कालेज में पढ़ाई कर रही है। वह बॉस्केटबाल की खिलाड़ी है और कई चैंपियनशिप में खेल चुकी है। कुछ माह पहले झज्जर जिले के गोयलकलां निवासी कबड्डी खिलाड़ी जयदीप उसके संपर्क में आया। धीरे-धीरे दोनों करीब आ गए और युवक उसे शादी का झांसा दिया हरिद्वार और दिल्ली भी लेकर गया। वहां पर होटल में ले जाकर दुष्कर्म किया।
बाद में पीडि़ता ने जब उसे शादी करने के लिए कहा तो उसने साफ मना कर दिया। आरोपित ने धमकी दी कि वह शादी नहीं करेगा और यदि किसी को इस बारे में बताया तो अंजाम ठीक नहीं होगा। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल भी कराया है।
महिला थाने की प्रभारी इंस्पेक्टर कमलेश का कहना है कि पीडि़ता की शिकायत पर केस दर्ज कर आरोपित जयदीप को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपित से पूछताछ की जा रही है।