सहेली ने ही करवाया दो छात्राओं का अपहरण, युवकों ने दुष्कर्म के बाद की फोटो वायरल
दो छात्राओं को उनकी ही सहेली ने बरगला दिया। छात्रा ने उन्हें मकान दिखाने के बहाने अपने जाल में फंसाया।
जेएनएन, उकलाना (हिसार)। दो छात्राओं को उनकी ही सहेली ने बरगला दिया। छात्रा ने उन्हें मकान दिखाने के बहाने अपने जाल में फंसाया। इसी दौरान एक युवक आया है और दोनों छात्राओं को अपने साथ ले गया। वह उन्हें होटल में गया, जहां एक अन्य युवक भी मौजूद था। वहां दोनों युवकों में से एक ने दुष्कर्म का प्रयास किया, जबकि दूसरे ने दुष्कर्म किया। युवकों ने उनकी अश्लील फोटो भी खींची और उन्हें वायरल कर दिया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर छात्राओं की सहेली व दो लड़कों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
नाबालिग छात्रा के मुताबिक वह अपनी एक सहपाठी छात्रा के साथ 11 फरवरी को स्कूल गई थी। इसी दौरान उनकी एक अन्य सहपाठी ने उन दोनों को अपनी बातों में फंसा लिया और कहा कि वह उन दोनों को बरवाला में अपना मकान दिखाएगी। इसके बाद परवीन नामक युवक बाइक लेकर आया और दोनों को बैठाकर बरवाला के एक होटल में ले गया। वहां विजय पहले से ही मौजूद था।
छात्राओं ने अपनी सहेली के बारे में पूछा तो दोनों ने उन्हें धमकाया। शिकायतकर्ता के साथ विजय ने दुष्कर्म करने का प्रयास किया, जबकि परवीन ने दूसरी छात्रा के साथ दुष्कर्म किया। आरोपितों ने उनके कुछ अश्लील फोटो ले लिए। 25 मार्च को आरोपित लड़की उन्हें दोबारा मिली और लड़कों से मिलने के लिए कहने लगी। इस पर छात्राओं ने उसे मना किया तो उसने धमकी दी।
उसी दिन शाम को लड़कों ने उनकी अश्लील फोटो बंटी नामक युवक के माध्यम से वायरल कर दी। पुलिस ने नाबालिग लड़की की शिकायत पर परवीन, विजय और बंटी सहित एक लड़की के खिलाफ षड्यंत्र रचने, अपहरण करने, दुष्कर्म करने, फोटो वायरल करने, जान से मारने की धमकी देने की धाराओं सहित पोक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज किया है।