चाचा ने ही 12 साल की भतीजी को दिया ऐसा जख्म, तीन साल बाद खुली जुबां
चाचा द्वारा की गई ज्यादती का शिकार हुई 12 साल की लडकी को अपना दर्द बयां करने में तीन साल लग गए। तीन सालों से डरी-सहमी लडकी ने चाइल्ड हेल्प लाइन पर फोन किया।
जेएनएन, फतेहाबाद। चाचा द्वारा की गई ज्यादती का शिकार हुई 12 साल की लडकी को अपना दर्द बयां करने में तीन साल लग गए। तीन सालों से डरी-सहमी लडकी ने चाइल्ड हेल्प लाइन पर फोन किया। बाल कल्याण समिति ने लड़की को बुलाकर काउंसलिंग की। इस दौरान उसने पूरी घटना की जानकारी देते हुए बताया कि उसके चाचा ने ही उसके साथ दुष्कर्म किया। पुलिस ने पीडि़ता के पिता की शिकायत पर आरोपित चाचा के खिलाफ घर में घुसकर दुष्कर्म, मारपीट व जान से मारने की धमकी देने के आरोप में मामला दर्ज किया है।
2015 में किया था दुष्कर्म
पुलिस को दी शिकायत में पीडि़ता के पिता ने आरोप लगाया कि भाई व उसका परिवार नजदीक रहता है। नवंबर 2015 को घर पर बेटी अकेली थी। इस दौरान भाई घर पर आ गया और उसने बेटी के साथ गलत काम किया। जब बेटी ने विरोध किया तो उसके साथ मारपीट भी की और जान से मारने की धमकी दी।
तीन साल तक सहमी रही पीडिता
डर के चलते बेटी ने इस संबंध में नहीं बताया। करीब तीन साल से बेटी सहमी रह रही थी। दो दिन पहले बेटी ने चाइल्ड हेल्प लाइन पर फोन किया। बाल कल्याण समिति ने लड़की को बुलाकर काउंसङ्क्षलग की। इस दौरान उसने पूरी घटना की जानकारी दी। दुष्कर्म के आरोप लगने के बाद बाल कल्याण समिति ने मामले की जानकारी महिला थाना पुलिस को दी। महिला थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है।
बाल कल्याण समिति ने दिए निर्देश
बाल कल्याण समिति ने महिला थाना को ये भी निर्देश दिए हैं कि बच्ची से पूछताछ महिला पुलिस कर्मी सादी वर्दी में ही करें। महिला थाना प्रभारी मंजू सिंह ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद आरोपित चाचा के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।