नारनौंद में रात को सो रही नाबालिग लड़की से दुष्कर्म
नारनौंद में भी 8 साल की बच्ची के साथ एक अज्ञात युवक ने दुष्कर्म किया है। मेडिकल में दुष्कर्म की पुष्टि हुई है।
जेएनएन, हिसार। इंसानियत को शर्मसार और दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। जम्मू के कठुआ और उकलाना हिसार की तरह ही नारनौंद में भी 8 साल की बच्ची के साथ एक अज्ञात युवक ने दुष्कर्म किया है। घटना की जानकारी मिलने के बाद बच्ची को सरकारी अस्पताल में मेडिकल के लिए ले जाया गया, जहां दुष्कर्म की पुष्टि हुई है।
मामले पर संज्ञान लेते हुए एसपी प्रतीक्षा गोदारा मौके पर पहुंची और सीन ऑफ क्राइम और साइबर सेल की टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस के मुताबिक बच्ची घुमंतू जाति से संबंध रखती है। पीड़िता को रात के समय नींद में झोपड़ी से उठाकर पास में ही एक सुनसान जगह पर ले जाकर दुष्कर्म किया गया है। एसपी ने कहा कि किसी भी हाल में आरोपित को छोड़ा नहीं जाएगा।
बता दें, पीड़ित परिवार लड़की को रात के समय नारनौंद के सामान्य हॉस्पिटल में लेकर आया था। परिजनों का आरोप है कि उन्हें महज औपचारिकता करके वहां से लौटा दिया गया और सुबह आने के लिए कहा गया। यही कारण है कि वो गुरुवार को अस्पताल में मेडिकल के लिए फिर से आए। परिजनों में इस तरह की घटना होने से दहशत का माहौल बना हुआ है। गांव के सरपंच ने पुलिस को अपराधी को पकड़ने के लिए 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया है।
गौरतलब है कि इसी तरह की घटना हाल में ही उकलाना में घटी थी। जहां परिवार के बीच सो रही आठ साल की बच्ची का उठाकर उसके साथ दुष्कर्म किया गया था। दुष्कर्म करने के बाद बच्ची की जघन्य तरीके से हत्या कर दी गई थी। पुराना मामला पूरी तरह सुलझा भी नहीं था कि अभी ठीक उसी तरह की घटना ने फिर से समाज को सोचने पर मजबूर कर दिया है। इससे पहले कठुआ और उन्नाव दुष्कर्म मामलों के चलते भी देश में दुष्कर्मियों के लिए फांसी की मांग को लेकर धरने प्रदर्शन चल रहे हैं।