किशोरी से दुष्कर्म, गर्भवती होने पर मामला हुआ उजागर, गांव में तनाव का माहौल
पीडि़ता ने बताया कि कुछ माह पहले आरोपित ने उसके साथ दुष्कर्म किया था। इसके बाद से जान से मारने की धमकी देकर लगातार उसके साथ दुष्कर्म करता आ रहा है
कलानौर/रोहतक, जेएनएन। कलानौर थाना क्षेत्र के एक गांव में किशोरी के साथ दुष्कर्म होने का मामला सामने आया है। मामला उजागर पीडि़ता के गर्भवती होने पर हुआ। पुलिस को दी गई शिकायत में पीडि़ता ने बताया कि कुछ माह पहले आरोपित ने उसके साथ दुष्कर्म किया था। इसके बाद से जान से मारने की धमकी देकर लगातार उसके साथ दुष्कर्म करता आ रहा है। जब भी पीडि़ता इसका विरोध करती तो उसे परिवार समेत मौत के घाट उतारने की धमकी दे देता। इस बीच पीडि़ता गर्भवती हो गई। तब जाकर पीडि़ता ने अपने परिजनों को मामले की जानकारी दी। परिजन उसे लेकर थाने में पहुंचे। इस मामले का पता चलते ही आरोपित को लेकर गांव में तनाव फैल गया।
दोनों पक्षों के बीच पंचायत भी हुई। लेकिन कोई नतीजा नहीं निकल सका। पुलिस ने पीडि़ता का मेडिकल कराकर आरोपित के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी राजेंद्र सिंह का कहना है कि जल्दी ही आरोपित को पकड़ लिया जाएगा। उसकी तलाश में दबिश दी जा रही है। उधर, आइएमटी थाना क्षेत्र में एक महिला से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस को दी गई शिकायत में पीडि़ता ने बताया कि उसका पति काम पर गया था। तभी गांव का रहने वाला अंकुर मकान में घुस गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। पुलिस ने पीडि़ता को मेडिकल के लिए अस्पताल में भेज दिया है।