Hisar Coronavirus Update: हिसार में 71 कोरोना एक्टिव केस, 71 ही हुए ठीक, दो की मौत
हिसार में कोरोना संक्रमण के मरीज लगातार सामने आ रहे हैं। अब 11 लोग कोरोना वायरस पॉजिटिव मिले हैं। इसमें दिल्ली से लौटे दंपती समेत अग्रोहा कोविड केयर सेंटर का गार्ड संक्रमित है।
हिसार, जेएनएन। अग्रोहा अस्पताल में दाखिल तीन लोग कोरोना को मात देकर घर लौटे। वहीं जिले में कोरोना के 11 नए केस मिले हैं। उनके अलावा फतेहाबाद के डुल्ट निवासी अग्रोहा के कोविड केयर सेंटर पर तैनात गार्ड भी पॉजिटिव मिला है। जिले में पॉजिटिव मिले लोगों में दिल्ली से लौटे पति-पत्नी, मानेसर से आया व्यक्ति व अन्य लोग शामिल हैं। उसके अलावा सेक्टर 13 की रहने वाली महिला की दूसरी रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। इसमें दिन के समय चार नए केस तो शाम को पांच केस मिले। नए केस में तीन हांसी के मामले हैं जो पॉजिटिव मरीज के संपर्क में आए थे।
कोरोना वायरस के संक्रमण के बाद लोगों की टेस्टिंग हो रही है। नए नियम अनुसार बाहर से आए लोगों का कुछ समय बाद उनका सैंपल लिया जाता है। सोमवार को मिले पॉजिटिव केस में अधिकतर लोग बाहर से आए हैं। इसमें सेक्टर 15 में मिले पति-पत्नी दिल्ली में रहे। विभाग के अधिकारियों की मानें तो सभी बाहर से आने वाले लोगों का पांच दिन होम क्वारंटाइन रहने के बाद सैंपल लिया जा रहा है।
कंटेनमेंट जोन बनाने की तैयारी
स्वास्थ्य विभाग की तरफ से रिपोर्ट जारी करने के बाद सभी पॉजिटिव व्यक्तियों के एरिया को कंटेनमेंट जोन बनाने की तैयारी है। विभाग की तरफ से पॉजिटिव व्यक्ति के घर पास 20 मीटर के क्षेत्र को कंटेनमेंट जोन बनाया जाता है। उस क्षेत्र में किसी को आने की इजाजत नहीं होती। साथ ही पुलिस की तरफ से नाके लगाए जाते हैं।
हांसी में तीन तो डाया और खारिया डोभी में एक-एक संक्रमित मिला
सोमवार को हांसी के मॉडल टाउन में तीन केस आए है। इसमें एक 58 साल के व्यक्ति के अलावा 29 साल का युवक और 25 साल की युवती शामिल है। उनकी हिस्ट्री को स्वास्थ्य विभाग खंगाल रहा है। इसी प्रकार डाया और खारिया डोभी गांव में भी एक-एक व्यक्ति पॉजिटिव मिला है। खारिया डोभी का व्यक्ति दिल्ली के उत्तम नगर से आया था। वहीं डाया वाला गुरुग्राम से हिसार आया था।
केस 1: दिल्ली से हसनगढ़ कुछ दिन पहले मामा और ममेरी बहन के साथ लौटा 21 वर्षीय युवक पॉजिटिव मिला है। इससे पहले उसके मामा और ममेरी बहन पॉजिटिव मिली थी। युवक दिल्ली में व्यापार करता है। युवक सैंपल करवाने के बाद से परिवार से अलग रह रहा है।
केस 2: सेक्टर 15 में रहने वाले पति-पत्नी 29 मई को दिल्ली गए थे। वह 6 जून को वापस आए। उसके बाद 13 को उनकी तरफ से स्वास्थ्य विभाग को सैंपल दिया गया। सैंपल की 15 जून को आई रिपोर्ट में वह पॉजिटिव मिले। उससे पहले विभाग की तरफ से दोनों को घर पर ही होम क्वारंटाइन किया गया था। दोनों प्रॉपर्टी का काम करते हैं और उसी काम से वह दिल्ली गए थे।
केस 3: देव वाटिका में निवासी 47 वर्षीय व्यक्ति मानेसर से आया था। हिसार लौटने के बाद 13 जून को वह सीधा सिविल अस्पताल गया और सैंपल दिया। उसकी सोमवार को रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। व्यक्ति ने सैंपल देने के बाद खुद को घर पर ही क्वारंटाइन कर लिया था। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की मानें तो उसमें अभी कोई लक्षण नहीं दिख रहे है।
केस 4: अग्रोहा मेडिकल कालेज में बनाए गए कोविड केयर सेंटर पर गार्ड के रूप में फतेहाबाद के डुल्ट गांव का निवासी तैनात है। लगातार नौकरी करते हुए उसका सैंपल जांच के लिए भेजा गया था, जिसमें वह पॉजिटिव मिला। अभी विभाग को स्पष्ट नहीं हुआ है कि वह किस व्यक्ति के संपर्क में आया। उस मामले की भी विभाग के अधिकारी जांच कर रहे हैं।
केस 5: सेक्टर 13 में रहने वाली महिला की दूसरी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। उससे पहले इस महिला के पति भी पॉजिटिव आया है। उसके बाद महिला पॉजिटिव मिली थी। विभाग की तरफ से दूसरी रिपोर्ट भी पॉजिटिव आने के बाद उसका इलाज जारी है।
केस 6: शांति नगर में एक नौ साल की बच्ची पॉजिटिव मिली है। पहले मिले कोरोना पॉजिटिव केस के बाद कंटेनमेंट जोन बनाने पर रैंडम चेकिंग विभाग की टीम कर रही थी। उसी जांच में यह बच्ची पॉजिटिव मिली। इससे पहले एक आयुर्वेदिक डाक्टर पॉजिटिव मिला था जिसकी क्लीनिक शांति नगर में है। बच्ची की कोई भी हिस्ट्री नहीं है। वह किसी के संपर्क में नहीं आई है।
केस 7: कुंभा गांव में एक पॉजिटिव केस के संपर्क में आया व्यक्ति संक्रमित मिला है। इस व्यक्ति को अग्रोहा धाम के क्वारंटाइन सेंटर में रखा गया था। छुट्टी करने से पहले विभाग की तरफ से उसके सैंपल लिए गए। सैंपल की जांच आई जो वह पॉजिटिव मिला। पहले गांव में 29 मई को आए पॉजिटिव व्यक्ति से एक से डेढ़ मिनट के लिए मिला था।