विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हिसार में शराब ठेकेदार की गोली मारकर हत्या, पार्टनर भी घायल; दिप्ती गैंग पर रंजिश का आरोप

Published: Mon, 05 Oct 2026 09:43 PM (IST)

हिसार के कैमरी रोड स्थित एसआर क्रिकेट स्टेडियम के बाहर रविवार रात गैंगवार में शराब ठेकेदार नरेश की गोली मारकर ...और पढ़ें

गैंगवार में शराब ठेकेदार की गोली मारकर हत्या।

गैंगवार में शराब ठेकेदार की गोली मारकर हत्या।

HighLights

  1. हिसार में शराब ठेकेदार नरेश की गोली मारकर हत्या

  2. पार्टनर धर्मबीर को भी तीन गोलियां लगीं, अस्पताल में भर्ती

  3. संदीप सेठी हत्याकांड में गवाही की रंजिश बनी वजह

जागरण संवाददाता, हिसार। शहर के कैमरी रोड स्थित एसआर क्रिकेट स्टेडियम के बाहर रविवार रात करीब पौने 12 बजे गैंगवार हुई। दीपक उर्फ दिप्ती गैंग से जुड़े बदमाशों ने शराब ठेकेदार हरिता निवासी नरेश (36) की कनपटी पर सटा कर गोलियां मारी।

जिस कारण उसकी मौके पर मौत हो गई। उसके साथी और शराब ठेकेदारी में पार्टनर बयानाखेड़ा निवासी धर्मबीर को तीन गोलियां मारी गई। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर बाइक पर सवार होकर मौके से भाग गए।

हैरान करने वाली बात यह है कि वारदात के करीब आधा घंटे पहले पुलिस की टीम और द माइनिंग वारियर्स के बीच क्रिकेट मैच खेला गया था। पुलिस की टीम में आजाद नगर थाना प्रभारी मनदीप भी खेल रहे थे। मृतक के स्वजन ने दिप्ती गैंग के अनिल उर्फ छोटियां पर शक जाहिर किया है।

आजाद नगर थाना पुलिस ने एक संदिग्ध को हिरासत में लिया है। सोमवार को दोपहर बाद शव का पोस्टमार्टम करवा स्वजन को सौंप दिया। घायल का निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस ने घायल धर्मबीर के बयान पर दिप्ती सीसवाल, अनिल उर्फ छोटिया, भूना निवासी सोनू पंडित, अमित रावतखेड़ा, प्रवीन काजला, घोलू बिश्नोई कालवास और अन्य के खिलाफ हत्या, हत्या प्रयास, षडयंत्र रचने और शस्त्र अधिनियम के तहत केस दर्ज कर जांच आरंभ की है।

हरिता गांव के रहने वाले आनंद ने बताया कि उनके चाचा नरेश पांच गांवों में शराब के ठेके लिए थे। बयानाखेड़ा निवासी धर्मबीर शराब ठेकों में पार्टनर था। इसके अलावा क्रिकेट मैदान की कैंटीन का ठेका लिया हुआ है। मैच देखने के लिए रात में क्रिकेट मैदान पर गए थे।

रात करीब पौने 12 बजे नरेश और धर्मबीर दोनों कुर्सी पर बैठकर आपस में बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान पहले से घात लगाकर बैठे तीन बदमाश आए। अचानक से आटोमेटिक गन से नरेश की कनपटी के पास गोलियां दाग दी। करीब तीन राउंड गोलियां चली। फिर धर्मबीर के सीने के पास दाएं कंधे और कमर के पास गोली मारी गई।

वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों बदमाश बाइक पर सवार होकर भाग गए। उन्होंने बताया कि वारदात को अंजाम देने वालों में मंगाली सूरतिया का रहने वाला अनिल उर्फ छोटिया है। वह दिप्ती गैंग से जुड़ा है।

नागौर कोर्ट के बाहर संदीप सेठी की हत्या मामले में दी थी गवाही

पुलिस ने बताया कि स्वजन ने जो बयान दिए हैं उसके अनुसार नागौर कोर्ट के बाहर नौ सितंबर 2022 में मंगाली निवासी और गैंगस्टर संदीप सेठी की नौ गोलियां मारकर हत्या कर दी थी। उस हत्याकांड में धर्मबीर ने गवाही दी थी।

वहां की अदालत में हत्याकांड मामले में गवाही दी थी। उस हत्याकांड को अंजाम देने में दिप्ती, अनिल उर्फ छोटिया और अन्य के खिलाफ केस भी दर्ज हुआ था। इसी रंजिश के चलते वारदात को अंजाम दिया गया।

नरेश हत्याकांड में मृतक के स्वजन के बयान पर नामजद के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज है। आजाद नगर थाना पुलिस, सीआइए और सीआइए-टू आरोपितों की तलाश कर रही है। वारदात स्थल से तीन खाली खोल और एक मैग्जीन मिली है। -मनदीप कुमार, आजाद नगर थाना प्रभारी, हिसार