संवाद सहयोगी, मंडी आदमपुर: आदमपुर में पुलिस की नाक तले देर रात तक खुल्लेआम धड़ल्ले से शराब बिक रही है जबकि जिम्मेदार नींद में सो रहे हैं। शराब ठेका संचालक औपचारिक तौर पर शाम 6 बजे ठेकों के शटर बंद कर देते हैं, लेकिन शटर के नीचे, साइड में बनी खिड़की या दूसरे दरवाजे से रात भर शराब का कारोबार करते हैं। कस्बे के ठेकों पर पड़ताल करने पर सामने आया कि शराब ठेके का शटर सिर्फ दिखावटी तौर पर बंद कर दिया जाता है। सेल्समैन दुकान के अंदर रुका रहता है और रात भर शटर के नीचे या साइड की खिड़की से मनमाने दामों से शराब की बिक्री करते हैं। मजे की बात तो यह है कि शराब के ठेकों के पास पुलिस भी तैनात रहती है लेकिन फिर भी देर रात तक शराब का कारोबार चलता रहता है।
आखिर शराब कारोबारियों को क्यों नही है डर
जिले में कोरोना का कहर बढ़ता जा रहा है। कोरोना को कंट्रोल करने के लिए जिला प्रशासन द्वारा कोरोना एडवाइजरी की पालन नही करने पर सख्त कार्रवाई की जा रही है। राशन-पानी सहित सभी दुकानें निश्चित समय से पहले बंद करवा देते है। लेकिन देर रात तक शराब बेचने वालों पर कोई कार्रवाई नहीं की जाती है। खास बात तो यह है कि पुलिसकर्मी राशन की दुकानें तो तुरंत बंद करवा देते है और शराब की दुकान बंद करवाते वक्त उनके हाथ-पांव फूल जाते है। अब सवाल उठना लाजमी है कि क्या पुलिस व आबकारी विभाग की शह पर रात भर शराब बिकती है। दड़ौली रोड पर शराब ठेके के कारिदों की गुंडागर्दी
दड़ौली रोड पर रविवार रात शराब ठेके के कारिदों ने गुंडागर्दी दिखाते हुए एक युवक की पिटाई कर दी। परिजनों ने घायल युवक को आदमपुर के नागरिक अस्पताल में दाखिल करवाया जहां चिकित्सकों ने उसे अग्रोहा रैफर कर दिया। घायल युवक ने बताया कि वह अपने दोस्त के साथ कार में जा रहा था। रास्ते में दड़ौली रोड स्थित शराब ठेके के साइड वाला गेट खुला देखा और एक बीयर की बोतल मांगी। वहां मौजूद दो कारिदों ने उससे मनमाने दाम मांगे। रेट कम होने की बात कही तो दोनों कारिदों ने गुंडागर्दी दिखाते हुए मारपीट करनी शुरू कर दी और उसकी शर्ट निकलवाकर बंधक बनाने का प्रयास किया। इसके बाद उसके दोस्त ने किसी तरह इसकी सूचना परिजनों व पुलिस को दी। सूचना मिलने पर पुलिस के सामने ही उन्हें जान से मारने की धमकियां दी गई। सोमवार शाम तक घायल के बयान दर्ज नही हो पाए और पुलिस मामले की जांच कर रही है।






न्यूज़
मरीज
अस्पताल
दवाएँ
बाजार
पुलिस












a