कुलदीप बिश्नोई पर विधायक प्रेमलता ने साधा निशाना, कहा- दलबदलू को टिकट देना बहुत मुश्किल
विधायक प्रेमलता ने कहा कि कुलदीप बिश्नोई के भाजपा के शामिल होने की चर्चा महज मीडिया की उपज है। बिश्नोई दल-बदलू हैं वह कभी कांग्रेस पार्टी छोड़ देते हैं और दूसरा दल बना लेते हैं।
उकलाना (हिसार), जेएनएन। उचाना से भाजपा विधायक प्रेमलता ने कहा कि कुलदीप बिश्नोई के भाजपा के शामिल होने की चर्चा महज मीडिया की उपज है। बिश्नोई दल-बदलू हैं, वह कभी कांग्रेस पार्टी छोड़ देते हैं और दूसरा दल बना लेते हैं। फिर कांग्रेस में शामिल हो जाते हैं। इसलिए ऐसे दलबदलू व्यक्ति को भाजपा का टिकट देना इतना आसान नहीं है। मुझे नहीं लगता कि कभी ऐसा होगा।
उकलाना हलके के कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों की बैठक में प्रेमलता ने कहा कि कार्यकर्ता पार्टी को बूथ स्तर पर मजबूत करें और दूसरे दलों के कार्यकर्ताओं को भाजपा में शामिल करें ताकि इस बार लोकसभा चुनावों में प्रदेश की सभी सीटों पर भाजपा जीत सके। कांग्रेस के घोटालों के बारे में जनता को जागरूक करें। बताएं कि भाजपा ने योग्यता के आधार पर युवाओं को नौकरियां दी और भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन देने का कार्य किया है।
पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि केजरीवाल द्वारा कांग्रेस, आप, जेजेपी के साथ आकर भाजपा को सत्ता में आने से रोकने के ट्वीट पर कहा कि भाजपा अब अश्वमेघ बन चुका है और अब किसी के भी प्रयासों से रुकने वाला नहीं है। अपने आइएएस बेटे बिरजेंद्र के लोकसभा चुनाव लडऩे के सवाल पर कहा कि उनको चुनाव लड़वाने का फैसला पार्टी हाईकमान करेगा। जो पार्टी फैसला करेगी वही होगा।