फतेहाबाद में वकील की पत्नी की गोली मारकर हत्या, एक के बाद एक किए तीन फायर
अज्ञात युवक सीढि़यों से होते हुए वकील चमनलाल के मकान में घुस गया। उसने महिला सफाई कर्मी से पूछा कि चमनलाल कहां है। महिला ने कहा कि वे घर पर नहीं है। शोर सुनकर चमनलाल के पत्नी बाहर आई उसके आते ही युवक ने गोलियां चलानी शुरू कर दी।
फतेहाबाद, जेएनएन। फतेहाबाद में एक बड़ी वारदात सामने आई है। टोहाना के रेलवे रोड पर रायबहादुर कंवर साईं चौक क्षेत्र में अज्ञात बाइक सवार एक युवक ने एडवोकेट चमन लाल की पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी। लगभग दोपहर 12:00 बजे महिला कुसुमलता अपने घर पर थी। जबकि एक महिला सफाई कर्मी भी सफाई में जुटी थी।
इस दौरान एक अज्ञात युवक सीढि़यों से होते हुए चमनलाल के मकान में घुस गया। उसने महिला सफाई कर्मी से पूछा कि चमनलाल कहां है। महिला ने कहा कि वे घर पर नहीं है। शोर सुनकर चमनलाल के पत्नी बाहर आई, उसके आते ही युवक ने गोलियां चलानी शुरू कर दी। इस दौरान कुल तीन गोलियों में से एक शीशे पर लगी तो एक गोली चमनलाल की पत्नी के माथे को चीर गई। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
वहीं कमरे में महिला का शव जमीन पर गिरने के बाद दरवाजा बंद कर फरार हो गया। कुसुमलता की मौत के बाद सफाई कर्मी महिला ने कमरे के पीछे की दरवाजे की खिड़कियां खोल कर शोर मचाया। जिसके चलते लोग इकट्ठे हुए और उन्होंने चमन लाल गोयल के मुख्य द्वार से दाखिल होकर अंदर जाकर देखा तो महिला का शव जमीन पर गिरा पड़ा था।
लोगों ने इसकी सूचना शहर पुलिस को दी। सूचना मिलते ही शहर थाना प्रभारी सुरेंद्र सिंह तथा सीआईए पुलिस स्टाफ दल बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। जबकि महिला के शव को पुलिस ने नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए पहुंचाया। पुलिस अब सीन ऑफ क्राइम की टीम के आने का इंतजार कर रही है। इस घटना के बाद शहर में चर्चा का दौर शुरू हो गया है। वहीं लोगों की भीड़ चमन लाल गोयल के निवास की ओर जमा है।
युवक चमनलाल के घर तक पैदल ही चलकर आया था और बाद में दूर खड़ी की स्कूटी को लेकर भाग गया। घटना से जुड़ी सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई है। जिसमें वारदात दर्ज हो गई है। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि वारदात को किसी पुरानी रंजिश में अंजाम दिया गया है। मगर यह भी लग रहा है कि हमलावर चमनलाल को मारने के लिए पहुंचा था मगर हत्या उसकी पत्नी की कर दी।