हरियाणा में न्यूनतम तापमान ज्यादा होने के बावजूद गलन का अहसास, 15 जनवरी के बाद ही दिखेंगे सूर्य
15 जनवरी के बाद लोगों को धूप मिलने की उम्मीद है। पहाड़ों से आ रही उत्तर पश्चिमी हवा मैदानी क्षेत्र में सर्दी बढ़ाने का काम कर रही है। हिसार में रात्रि तापमान 8.4 डिग्री सेल्सियस पर है। वहीं दिन का तापमान 14 डिग्री सेल्सियस के पास बना हुआ है।
जागरण संवाददाता, हिसार। पिछले तीन दिन से मौसम सर्द है। सूर्य देव के दर्शन भी काफी कम हो रहे हैं। दिन के समय तीन घंटे की सूर्य देव निकल रहे हैं। अब 15 जनवरी के बाद लोगों को धूप मिलने की उम्मीद है। पहाड़ों से आ रही उत्तर पश्चिमी हवा मैदानी क्षेत्र में सर्दी बढ़ाने का काम कर रही है। मौजूदा समय में हिसार में रात्रि तापमान 8.4 डिग्री सेल्सियस पर है। वहीं दिन का तापमान 14 डिग्री सेल्सियस के पास बना हुआ है। मौसम के बदलाव के चलते अचानक से सर्दी के साथ गलन बढ़ गई है। जिससे आमजनजीवन प्रभावित हो रहा है। हालांकि कोविड के कारण जल्द मार्केट बंद हो जाने से लो अपने घरों को जल्दी भी लौट चुके हैं। इसके साथ ही धुंध के कारण वाहनों की रफ्तार भी थम गई है। वीरवार को 100 मीटर दृश्यता दर्ज की गई। आगामी चार से पांच दिन इसी तरह से गलन का अहसास होगा।
हवाओं में आए बदलाव से बढ़ी सर्दी
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डा. मदन खिचड़ की मानें तो पिछले दिनों हुई बारिश के कारण पहले से ही वातावरण में नमी मौजूद थी। इसके साथ ही पहले पुरवाई हवा चल रही थी मगर अब पहाड़ों की तरफ से आ रही उत्तर पश्चिमी हवा आ रही है। पहाड़ों की हो रही बर्फवारी के कारण वहां से आ रही हवा मैदानी इलाकों में सर्दी बढ़ाने का काम कर रही है। आगामी दो से तीन दिन लोगों को इसी प्रकार से धुंध का सामना करना पड़ सकता है।
वहीं दिन व रात्रि तापमान में गिरावट दर्ज की जाने की संभावना है। इस मौसम के कारण शीतलहर भी चल रही है। जिसका आगामी दिनों में भी लोगों को सामना करना पड़ सकता है। इसके साथ ही तापमान गिरने से गलन और बढ़ने की संभावना है। इस प्रकार के मौसम में लोगों को विशेष रूप से अपना ध्यान रखने की आवश्यकता है। क्योंकि अधिक सर्दी उन्हें बीमार भी कर सकती है।