विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

काम की खबर: जुलाई में सरसों का तेल नहीं मिला तो जल्दी पहुंचें डिपो, हरियाणा सरकार दे रही बचा हुआ कोटा

Published: Wed, 26 Aug 2026 04:37 PM (IST)

हरियाणा में जुलाई का बचा हुआ सरसों तेल अब राशन कार्ड धारकों को 31 अगस्त तक 'पहले आओ-पहले पाओ' के आधार पर मिलेगा।

हरियाणा सरकार दे रही बचा हुआ कोटा (फाइल फोटो)

हरियाणा सरकार दे रही बचा हुआ कोटा (फाइल फोटो)


HighLights

  1. जुलाई का बचा सरसों तेल 31 अगस्त तक मिलेगा राशन कार्ड धारकों को।

  2. वितरण 'पहले आओ-पहले पाओ' के सिद्धांत पर होगा, जल्दी पहुंचें डिपो।

  3. बायोमेट्रिक सत्यापन अनिवार्य, पीओएस मशीन अपडेट की प्रक्रिया जारी।

जागरण संवाददाता, हांसी। जुलाई में अपने हिस्से का सरसों तेल लेने से वंचित रह गए राशन कार्ड धारकों के लिए राहत की खबर है, लेकिन इसके लिए उन्हें अब देरी नहीं करनी होगी। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग ने जुलाई 2026 के वितरण के बाद जिलों में बचे सरसों तेल के स्टाक को अगस्त में पात्र लाभार्थियों को देने का निर्णय लिया है।

बकाया तेल का वितरण 31 अगस्त तक ही किया जाएगा और इसके लिए ‘पहले आओ-पहले पाओ’ की व्यवस्था लागू रहेगी। यानी डिपो पर उपलब्ध बकाया स्टाक समाप्त होने से पहले पहुंचने वाले पात्र लाभार्थियों को इसका फायदा मिल सकेगा। वितरण में तकनीकी बाधा न आए, इसके लिए जिले की पीओएस मशीनों में अगस्त के अनुसार डाटा अपडेट करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। लाभार्थी को राशन डिपो पर पहुंचकर बायोमेट्रिक पोंचिंग करानी होगी, जिसके बाद पात्रता और उपलब्ध स्टाक के अनुसार सरसों तेल दिया जाएगा। विभाग ने डिपो होल्डरों को भी लाभार्थियों तक इसकी जानकारी पहुंचाने के निर्देश दिए हैं। ऐसे में जुलाई का तेल नहीं ले पाने वाले परिवारों के लिए अगले कुछ दिन महत्वपूर्ण रहने वाले हैं। 31 अगस्त के बाद बकाया स्टाक का लाभ मिलने की गुंजाइश नहीं रहेगी।

विभाग का प्रयास है कि जुलाई में किसी कारण से वितरण नहीं हो पाया तो बचा हुआ तेल बेकार पड़े रहने के बजाय पात्र परिवारों तक पहुंच सके। इसी कारण पीडीएस के तहत संबंधित अधिकारियों और तकनीकी टीमों को पीओएस मशीनों की प्रक्रिया समय रहते पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।

जिला स्तर पर भी डिपो होल्डरों को लाभार्थियों को योजना के बारे में जानकारी देने के लिए कहा गया है। राशन कार्ड धारकों को अपने नजदीकी डिपो पर पहुंचकर पहले बायोमेट्रिक सत्यापन करवाना होगा। इसके बाद ही बकाया कोटे के वितरण की प्रक्रिया पूरी होगी।

बाक्स : अंतिम दिनों का इंतजार किया तो खाली हाथ लौटने का खतरा

इस बार बकाया सरसों तेल का वितरण सामान्य मासिक कोटे की तरह नहीं, बल्कि उपलब्ध स्टाक के आधार पर किया जाएगा। विभाग ने स्पष्ट किया है कि वितरण ‘पहले आओ-पहले पाओ’ के आधार पर होगा। ऐसे में पात्र लाभार्थी अंतिम तारीख का इंतजार करते हैं और संबंधित डिपो का स्टाक पहले समाप्त हो जाता है तो उन्हें तेल नहीं मिल पाएगा। इसलिए जुलाई का कोटा नहीं लेने वाले कार्ड धारकों को जल्द डिपो पहुंचने की सलाह दी गई है।

बाक्स : मशीन अपडेट से लेकर बायोमेट्रिक तक रहेगी नजर

बकाया स्टाक के वितरण को पीओएस व्यवस्था के माध्यम से ही पूरा किया जाएगा। इसके लिए मशीनों में अगस्त का डाटा अपडेट किया जा रहा है। डिपो होल्डरों को तकनीकी टीम से तालमेल रखते हुए अपडेट प्रक्रिया पूरी कराने को कहा गया है। लाभार्थी की बायोमेट्रिक पोंचिंग के बाद ही तेल का वितरण दर्ज होगा। इससे बचे स्टाक और उसके वितरण का रिकार्ड भी सिस्टम में उपलब्ध रहेगा।

वर्जन

सरकार की ओर से जुलाई के बचे सरसों तेल के वितरण के संबंध में पत्र जारी किया गया है। पात्र राशन कार्ड धारक जल्द अपने नजदीकी डिपो पर जाकर बायोमेट्रिक सत्यापन करवाकर बकाया तेल प्राप्त करें। वितरण 31 अगस्त तक ‘पहले आओ-पहले पाओ’ के आधार पर किया जाना है। डिपो होल्डरों को भी लाभार्थियों तक जानकारी पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं।
—आजाद सिंह, एएफएसओ