जजपा स्थापना दिवस रैली : झज्जर के दादरी तोये में दुष्यंत चौटाला ने किया शक्ति प्रदर्शन, कांग्रेस पर बोला हमला
JJP का तीसरा स्थापना दिवस मनाने के लिए गांव दादरी तोये में करीब 50 एकड़ में हरे-पीले रंग में सजे पंडाल में लोगों की भारी भीड़ पहुंची। इसके साथ ही रैली के मंच पर जेजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष अजय सिंह चौटाला हरियाणा के डिप्टी चीफ मीनिस्टर दुष्यंत चौटाला व अन्य पहुंचे
जागरण संवाददाता, झज्जर। हरियाणा के झज्जर में गुरुवार को जननायक जनता पार्टी की जन सरोकार रैली शुरु हो चुकी है। प्रदेश के उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने JJP का तीसरा स्थापना दिवस मनाने के लिए इस इलाके को चुना है। गांव दादरी तोये में करीब 50 एकड़ में हरे-पीले रंग में सजे पंडाल में लोगों की भारी भीड़ पहुंची है। इसके साथ ही रैली के मंच पर जेजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष अजय सिंह चौटाला, हरियाणा के डिप्टी चीफ मीनिस्टर दुष्यंत चौटाला, राज्यमंत्री अनुप धानक, राष्ट्रीय महासचिव दिग्विजय चौटाला के अलावा तमाम विधायक व बड़े नेता पहुंच चुके है।
रैली को सोशल मीडिया पर लाइव भी दिखाया जा रहा है। इंस्टाग्राम के अलावा 15 फेसबुक पेजों, यूट्यूब, ट्विटर पर भी लाइव है। इसके लिए पार्टी के आईटी विंग ने विशेष इंतजाम किए हैं और बकायदा अलग से आईटी कंट्रोल रूम भी स्थापित किया है। रैली स्थल पर आने वाले हर व्यक्ति तक पूरे कार्यक्रम की झलकियां और नेताओं की बात पहुंचे, इसके लिए 8 हाईटेक एचडी एलईडी लगाई गई हैं। इन एलईडी तक हर शॉट पहुंचाने के लिए हाई डेफिनेशन, ड्रोन कैमरे भी लगाए गए हैं। रैली को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अजय सिंह चौटाला, दुष्यंत चौटाला व प्रदेशाध्यक्ष निशान सिंह संबोधित कर रहे हैं। रैली में भीड़ जुटाने के लिए पिछले 10 दिनों में जननायक जनता पार्टी के नेताओं ने प्रदेशभर का दौरा किया।
वहीं जिस इलाके में रैली हो रही है, उसे पूर्व मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा का मजबूत किला माना जाता है। कुछ माह पहले पूर्व मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा ने डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला के गढ़ जींद में रैली की थी। उसी रैली का जवाब देने के लिए अब दुष्यंत चौटाला ने पूर्व सीएम के गढ़ को चुना है।
4 स्टेज बनाए गए
जन सरोकार रैली के लिए 4 मुख्य स्टेज बनाए गए हैं, जिसमें पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के लिए मुख्य स्टेज, दूसरी पर पार्टी के अन्य राष्ट्रीय-प्रदेश स्तरीय पदाधिकारी बैठेंगे। तीसरी पर सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे, जहां कई नामी कलाकार अपनी प्रस्तुति देंगे। चौथा स्टेज मीडिया के लिए बनाया गया है। इसके अतिरिक्त हलका अध्यक्षों के लिए बैठने की अलग से व्यवस्था की गई है तो महिलाओं और पूर्व सैनिकों को रैली में कोई परेशानी न हो, इसके लिए अलग-अलग ब्लॉक बनाए गए हैं।
युवा संभालेंगे कार्यक्रम की व्यवस्था
जन सरोकार रैली के लिए झज्जर के गांव दादरी तोये में वाहनों की पार्किंग से लेकर अन्य सभी जरूरी इंतजाम किए गए हैं। रैली स्थल के पास ही पार्किंग की व्यवस्था की गई है। कार्यक्रम में उचित व्यवस्था, मुख्य मार्गों पर लगने वाले जाम की हर स्थिति से निपटने के लिए जजपा और इनसो के करीब 1500 युवा कार्यकर्ता हर समय तत्पर रहेंगे। वहीं वाहन खराब होने की स्थिति में कहीं जाम न लगे, इसके लिए कार्यक्रम स्थल के आसपास दो क्रेन मशीनें भी उपलब्ध होंगी। रैली में पहुंचने वाले सभी लोगों का भव्य स्वागत किया जाएगा। रैली स्थल पर कुल 8 द्वार बनाए गए हैं। हर स्वागत द्वार पर कार्यकर्ताओं का पुष्प वर्षा व ढोल नगाड़ों से स्वागत किया जाएगा।