बेसहारा पशुओं ने जेजेपी के शहरी प्रधान को किया घायल, अस्पताल में भर्ती
शहर में एक बार फिर बेसहारा पशुओं का आतंक देखने का मिला है। इस बार बेसहारा पशुओं ने जेजेपी के शहरी प्रधान को घायल कर दिया।
संवाद सहयोगी, हांसी : शहर में एक बार फिर बेसहारा पशुओं का आतंक देखने का मिला है। इस बार बेसहारा पशुओं ने जेजेपी के शहरी प्रधान को घायल कर दिया। जेजेपी के शहरी प्रधान कपिल मोटरसाइकिल से घर जा रहे कि सड़क पर आपस में लड़ रहे बेसहारा पशुओं ने टक्कर मार उसे रुप से घायल कर दिया। आस-पास के लोगों ने घायल को उपचार के लिए हांसी के एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया है। जहां पर उसका इलाज चल रहा है। इससे पहले भी बेसहारा पशु शहर में कई लोगों की जान लील चुके हैं। परंतु नगर परिषद बेसहारा पशुओं पर लगाम लगाने में असमर्थ साबित हो रहा है।
मामला वीरवार रात करीब 9 बजे का है। जेजेपी के शहरी प्रधान व न्यु सुभाष नगर निवासी कपिल शर्मा अपने दोस्त विकास के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर घर जा रहा था। गली के कोने पर दो बेसहारा पशु आपस में लड़ रहे थे। पशु लड़ते-लड़ते सड़क पर आ गए। इस दौरान वहां से गुजर रहे कपिल और विकास को बेसहारा पशुओं ने टक्कर मार दी।
नगर परिषद द्वारा बार-बार बेसहारा पशुओं से शहर को निजात दिलवाने के वादे किया जा रहे हैं। परंतु परिषद के ढीले रवैये के कारण हर बार कोई ना कोई अपनी जान गंवा रहा है। कुछ महीने पहले ही बस स्टैंड के पीछे स्थित मोची मोहल्ले में बेसहारा पशुओं ने मोटरसाइकिल पर जा रहे युवक की छाती में सींग मारकर उसे मौत के घाट उतार दिया था।