सिचाई विभाग की टीम पर हमला, कर्मचारी घायल, किसानों पर मामला दर्ज
नारनौंद क्षेत्र के गांव कोथ कलां में टूटे हुए माईनर को बंद करने के दौरान हुआ विवाद।
संवाद सहयोगी,नारनौंद : नारनौंद क्षेत्र के गांव कोथ कलां में टूटे हुए माईनर को बंद करने के लिए सिचाई विभाग के कर्मचारी पहुंचे तो ग्रामीणों ने उन पर हमला कर दिया। इससे एक कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसको इलाज के लिए हांसी के सामान्य अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। वहीं पुलिस ने इस मामले में किसानों पर मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल किसी की भी गिरफ्तारी नहीं हो पाई है। सिचाई विभाग की टीम बुधवार को नारनौंद उपमंडल के गांव कोथ कलां के खेतों के माईनर में आई दरार को ठीक करने के लिए गई थी। वहां पर मौजूद किसान सोनू, देवा सिंह व अन्य ने कहा कि वो माईनर बंद नहीं करने देंगे। इसके बाद किसानों और कर्मचारियों में बहस हो गई। किसानों ने सिचाई विभाग के कर्मचारियों पर हमला कर दिया। जिसमें बेलदार रामेंद्र घायल हो गया और बाकी कर्मचारियों ने भाग कर अपनी जान बचाई। घायल रामेंद्र को नारनौंद के सरकारी अस्पताल में लाया गया जहां से उसे रेफर कर दिया गया। बाद में हांसी के नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया गया। विभाग के एसडीओ ने इस संबंध में नारनौंद पुलिस थाने में शिकायत दी है।
सिचाई विभाग के एसडीओ अजय सिहाग ने बताया कि कोथ कलां गांव में सोमवार सुबह भी माईनर टूट गई थी। उस दिन भी टीम इस माईनर को बंद करने गई तो वहां मौजूद ग्रामीणों ने इसका विरोध किया था। बुधवार को दोबारा नहरी विभाग बड़नपुर की टीम ठीक करने के गई थी। उसी दौरान वहां मौजूद लोगों ने बेलदार रामेंद्र के कंधे पर कस्सी से वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। अन्य सदस्यों को भी धमकी देते हुए वहां से भगा दिया और माईनर में आई दरार को पाटने नहीं दिया। इस संबंध में थाना प्रभारी उमेश सिंह ने बताया कि एसडीओ की शिकायत पर दो नामजद व चार अन्य किसानों पर विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है। जल्द ही सभी आरोपितों को गिरफ्तार लिया जाएगा।