इनेलो सम्मान दिवस रैली : बारिश से निबटने को बदली रणनीति, हेलीकाप्टर नहीं, अब चार्टड प्लेन से पहुंचेंगे सभी दिग्गज
ओरेंज अलर्ट के संकट को इनेलो ने सुलझा लिया है। फतेहाबाद रैली में अब सभी राजनीतिक दिग्गज हेलीकाप्टर की बजाए चार्टड प्लेन से आएंगे। इनेलो ने हेलीकाप्टर्स से आने वाले सभी नेताओं के लिए चार्टड प्लेन की व्यवस्था कर दी है।
अमित रूखाया, फतेहाबाद : इनेलो की फतेहाबाद रैली पर मंडराये ओरेंज अलर्ट के संकट को इनेलो ने सुलझा लिया है। फतेहाबाद रैली में अब सभी राजनीतिक दिग्गज हेलीकाप्टर की बजाए चार्टड प्लेन से आएंगे। इनेलो ने हेलीकाप्टर्स से आने वाले सभी नेताओं के लिए चार्टड प्लेन की व्यवस्था कर दी है। अलग-अलग हवाई जहाजों में आने वाले ये सभी नेता अब सिरसा की हवाई पट्टी पर लैंड करेंगे और वहां से सडक़ मार्ग से फतेहाबाद की अतिरिक्त अनाजमंडी में स्थित रैली स्थल पर पहुंचेंगे।
खुद इनेलो नेता अभय चौटाला ने दैनिक जागरण से बातचीत में इसकी पुष्टि की है। अभय चौटाला ने कहा कि हेलीकाप्टर पर खराब मौसम का असर पड़ता है, लेकिन प्लेन पर मौसम खराब होने या बारिश का असर कम पड़ता है। सिरसा हवाई पट्टी पर सभी नेता उतरेंगे और इसके बाद सभी एकसाथ रैलीस्थल पर पहुंचेंगे।
रैली की तैयारियां पूरी, डेढ़ क्विंटल फूलों से सजा मुख्य मंच, दिल्ली से मंगवाए जरवरा और ग्लैंड के फूल
फतेहाबाद के सिरसा रोड स्थित नई अतिरिक्त अनाजमंडी में होने वाली रैली के मुख्य मंच को सजाने के लिए इनेलो नेताओं ने अपनी ओर से सारी व्यवस्थाएं की गई हैं। मुख्य मंच के सामने डी एरिया को ही सजाने में तकरीबन डेढ़ क्विंटल के आसपास फूलों का इस्तेमाल किया गया है। इसमें रूटीन गेंदे और गुलाब के अलावा विशेष तौर पर दिल्ली से मंगवाए गए जरवरा और ग्लैंड के फूल भी शामिल हैं। मंच और डी को सजाने के लिए दिल्ली से आठ कारीगरों की एक विशेष टीम पहुुंची है।
विशेष नेताओं की सुरक्षा के लिए आधे घंटे तक बंद रहेगा सिरसा रोड का ट्रैफिक
फतेहाबाद रैली में शामिल होने आ रहे वीवीपीआई नेताओं की सुरक्षा को लेकर भी चाकचौबंद व्यवस्था की गई है। सुरक्षा सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार जिस वक्त सिरसा से सभी वीवीआईपी नेता फतेहाबाद रैली स्थल के लिए निकलेंगे, उस दौरान लगभग आधे घंटे तक ट्रैफिक को रोकने की प्लानिंग की गई है। इतना ही नहीं, बिहार पुलिस के कई अधिकारियों ने शनिवार को भी फतेहाबाद पहुंचकर रैली स्थल का जायजा भी लिया।