जागरण संवाददाता, हिसार : साल 2021 में कोरोना संक्रमण काफी तेजी से फैल रहा है। संक्रमण और मौतें, दोनों बढ़ रहे हैं। ऐसे में अब ट्रैफिक पुलिस ने नया फैसला लिया है। जिसके तहत ऑटो संचालक केवल दो ही सवारी ऑटोरिक्शा में बैठा सकेंगे। एक बार में दो से अधिक सवारी ऑटोरिक्शा में बैठाने पर ट्रैफिक पुलिस ने प्रतिबंध लगा दिया है। ट्रैफिक पुलिस इंचार्ज शमशेर सिंह ने कहा कि आदेश सोमवार से ही लागू कर दिए है, लेकिन ऑटो रिक्शा संचालकों को इसकी जानकारी नहीं है ऐसे में सोमवार को नए आदेश के बारे में ऑटोरिक्शा यूनियन के प्रधान को अवगत करवा दिया है। मंगलवार से जो भी ऑटो रिक्शा संचालक दो से अधिक सवारी बैठाए हुए मिला उसका चालान किया जाएगा।
चालान काटने को पुलिस ने पकड़े ऑटो रिक्शा, प्रधान के आग्रह पर छोड़े
एसपी की ओर से ट्रैफिक पुलिस इंचार्ज को कोरोना के चलते ऑटोरिक्शा में दो सवारी से अधिक पर प्रतिबंध लगाने के आदेश मिलते ही ट्रैफिक पुलिसकर्मियों ने लक्ष्मीबाई चौक पर दो से अधिक सवारी वाले ऑटो रिक्शा चालान काटने के लिए रुकवा लिए। मामले में सूचना मिलते ही हरियाणा भाईचारा ऑटो रिक्शा यूनियन हिसार के प्रधान मान सिंह दुग्गल मौके पर पहुंचे और उन्होंने नए आदेश की जानकारी नहीं होने का हवाला देते हुए सोमवार को चालान न काटने का आग्रह किया। ऐसे में ट्रैफिक पुलिस इंचार्ज ने प्रधान को नए आदेश से ऑटो रिक्शा वालों को अवगत करवाने की बात कहते हुए मंगलवार से इस मामले में सख्ती बरतते हुए चालान काटने की कड़ी कार्रवाई करने के बारे में मौखिक आदेश दिए। यह भी जानें : ऑटो रिक्शा संचालकों ने हिसार में प्रति सवारी 20 रुपये किराया फिक्स किया हुआ है।
हमारी मांग है कि कोरोना के कारण आई मंदी में ऑटो रिक्शा संचालक 20 रुपये प्रति सवारी बैठा रहे हैं दो सवारी से तो वे अपनी रोजीरोटी का प्रबंध भी नहीं कर पाएंगे। हमारी प्रशासन से मांग है कि चार से अधिक सवारी बैठाने की अनुमति दी जाए।
- मान सिंह दुग्गल, प्रधान, हरियाणा भाईचारा ऑटो रिक्शा यूनियन हिसार। हमें आदेश मिले है कि ऑटो रिक्शा में अब दो से अधिक सवारी बैठाने पर प्रतिबंध लगा दिया जाए। इस आदेश के बारे में ऑटो रिक्शा यूनियन के प्रधान और कई ऑटो रिक्शा संचालकों को अवगत करवा दिया है। मंगलवार से किसी भी ऑटो रिक्शा में दो से अधिक सवारी मिली तो उसका चालान किया जाएगा।
- शमशेर सिंह, एसएचओ, ट्रैफिक पुलिस हिसार।






न्यूज़
मरीज
अस्पताल
दवाएँ
बाजार
पुलिस












a