गलियों व सड़कों पर अवैध कब्जा से राहगीर परेशान, प्रशासन अनजान
नारनौंद कस्बे में इन दिनों अवैध कब्जों की भरमार है। लोगों ने अपने घरों क
संवाद सहयोगी, नारनौंद : कस्बे में इन दिनों अवैध कब्जों की भरमार है। लोगों ने अपने घरों के बाहर चबुतरे निकाले हुए हैं और अन्य सामान डालकर गलियों में रास्ते को रोका हुआ है। जिसके कारण राहगिरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं नगरपालिका प्रशासन अवैध कब्जों को हटाने के नाम पर अनजान बना हुआ है।
कस्बे के वार्ड सात, खांडा मोड़, उपमंडल कार्यालय, पुराना बस स्टैंड, बुडाना रोड पर लोगों ने अवैध कब्जा कर रखा है। दुकानदारों ने भी अपनी दुकानों के बाहर सामान रखकर सड़क पर अवैध कब्जा कर रखा है।
खांडा मोड़ पर फलों की रेहड़ियां लगाने वाले सड़क के बीचों-बीच रेहड़ी खड़ी कर लेते हैं। जिसके कारण पेटवाड़, जुलाना, खांडा की तरफ जाने वाले वाहन चालकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। यहां तक की अवैध कब्जाधारियों ने कस्बे के उपमंडल कार्यालय सहित सरकारी कालेज को भी नहीं छोड़ रखा है। उपमंडल कार्यालय में काफी लोगों ने कब्जा करके मकान बनाए हुए हैं। बार-बार प्रशासन को शिकायत मिलने के बाद भी प्रशासन इस संबंध में कोई कार्यवाही नहीं कर रहा। जिसके कारण कस्बावासियों में रोष बना हुआ है। वहीं नगरपालिका प्रशासन इस मामले में अनजान बना हुआ है। बॉक्स
इस संबंध में नगरपालिका सचिव नितिन वत्स ने बताया कि जल्द ही अतिक्रमण करने वाले लोगों के खिलाफ अभियान चलाया जाएगा। इससे पहले अतिक्रमण हटाने के लिए उनको नोटिस दिया जाएगा। अगर फिर भी अतिक्रमण नहीं हटाया तो प्रशासन उनको अपने स्तर पर हटाएगा।