सरकार ने पीटीआइ को बहाल नहीं किया तो चलेगा आंदोलन : विजय
जागरण संवाददाता हिसार हरियाणा शारीरिक शिक्षक संघर्ष समिति का क्रमिक अनशन जिला मुख्या
जागरण संवाददाता, हिसार: हरियाणा शारीरिक शिक्षक संघर्ष समिति का क्रमिक अनशन जिला मुख्यालय पर मंगलवार को भी जारी रहा। अनशन को 23 दिन हो चुके हैं। अनशन की अध्यक्षता उकलाना ब्लॉक के प्रधान पीटीआइ सोहन लाल ने की। क्रमिक अनशन पर सोहन लाल, विजेंद्र सिंह, ओमप्रकाश व सतपाल बैठे थे। समिति के प्रधान विजय सिंह पीटीआइ ने बताया कि सर्वोच्च न्यायालय के आदेशानुसार पीटीआइ अध्यापकों को दोषी नहीं पाया गया फिर भी 1983 पीटीआइ अध्यापकों को सेवा से निष्कासित कर दिया। सरकार के उदासी पूर्ण रवैये से उनके भविष्य पर एक प्रश्नचिन्ह लग गया है। उन्होंने कहा कि अगर सरकार इन 1983 पीटीआइ अध्यापकों की जल्द पूर्ण सेवा बहाल नहीं करती है तो ये संघर्ष एक जन आंदोलन का रूप ले लेगा। सरकार को इन अध्यापकों के 10 साल के सेवा के अनुभव का लाभ देते हुए कोई अध्यादेश लाकर 1983 पीटीआइ अध्यापकों को पुन: सेवा बहाल करना चाहिए। वीरेंद्र सिंह बागोरिया पूर्व प्रधान कुम्हार महासभा व स्वराज इंडिया, सतीश काजला भगाना संघर्ष समिति डा. राजेश मेहंदिया बहुजन समाज पार्टी, इन्द्र सिंह जाजनवाला महासचिव पिछड़ा वर्ग कल्याण महासभा हरियाणा आदि ने हरियाणा शारीरिक शिक्षक संघर्ष समिति को अपना समर्थन दिया। हरियाणा कर्मचारी महासंघ हरियाणा विद्यालय अध्यापक संघ, हरियाणा राज्य प्राथमिक शिक्षक संघ, हरियाणा स्कूल लेक्चरर एसोसिएशन हरियाणा सर्व कर्मचारी संघ तथा कई सामाजिक संगठनों ने समर्थन दिया।