नए साल पर डिनर करवाने बहाने पति ने इस कारण पत्नी की बेरहमी से की हत्या
पति ने होटल से खाना भी मंगवाया मगर पैकेट बंद मिले। पहले की कर दी पत्नी की हत्या। अर्धनग्न अवस्था में मिला पत्नी का शव, हर जगह मिले चाकुओं से दिए जख्म। जानें क्या है मामला
रोहतक, सांपला। जेएनएन। नए साल शुरू होने का लोग जहां जश्न मना रहे थे, वहीं रोहतक के एक गांव में नए साल के दिन मातम पसर गया। नए साल का जश्न मनाने के बहाने घर से बाहर लेकर गए पति ने पत्नी की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। महिला की तलाश करते हुए उसके परिजन गांव के बाहर प्लाट में बने कमरे में पहुंचे, जहां पर आरोपित उन्हें जान से मारने की धमकी देता हुआ फरार हो गया। वहीं पर महिला का अर्धनग्न शव पड़ा हुआ था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मां की शिकायत पर पुलिस ने मृतका के पति और उसके देवर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
मूलरूप से खरावड़ गांव निवासी 33 वर्षीय पिंकी की शादी करीब 16 साल पहले झज्जर जिले के बराही गांव के रहने वाले सुरेंद्र उर्फ सोनू के साथ हुई थी। दंपती के बीच काफी दिनों से विवाद चल रहा था, जिसके चलते पिंकी अपने मायके में रहकर एक निजी अस्पताल में नौकरी करती थी। जबकि सोनू उसकी नौकरी छुड़वाकर ससुराल में ले जाकर रहना चाहता था। इसी बात को लेकर विवाद था। सोनू बहादुरगढ़ में दमकल विभाग में डीसी रेट पर कार्यरत है, जो रोजाना शाम को अपनी ससुराल में ही आ जाता था। सोमवार रात सोनू ने अपनी सास को फोन कर जानकारी दी कि आज उन दोनों का खाना मत बनाना।
वह साथ में नया साल मनाएंगे और बाहर ही खाना खाएंगे। इसके बाद दंपती ने होटल से खाना पैक कराया और गांव के बाहर प्लाट में बने कमरे में चले गए। वहां पर दंपती के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि सोनू ने अपनी पत्नी की गर्दन, पेट और छाती पर चाकू से वार कर दिए। दोनों के घर नहीं लौटने पर तलाश करते हुए पिंकी के परिजन भी वहां पर पहुंच गए। जहां सोनू के हाथ में चाकू था और अंदर पिंकी का शव खून से लथपथ पड़ा था। आरोपित अपने ससुरालियों को जान से मारने की धमकी देकर वहां से फरार हो गया।सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका की मां का कहना है कि हत्या में पिंकी के देवर कालू का हाथ भी है, जो अक्सर जान से मारने की धमकी देता था।
ससुराली करते थे परेशान, पति देता था हत्या की धमकी
आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोग उसकी बेटी को परेशान करते थे। दोनों बच्चे ससुराल में ही अपने दादा-दादी के साथ रहते हैं, जबकि वह यहां पर अकेली रहती थी। सोनू भी उसके पास आ जाता था। कई बार घर जाने को लेकर भी दोनों के बीच विवाद होता था। नए साल पर भी वह पिंकी को लेकर घर जाना चाहता था, लेकिन वह नहीं जाना चाहती थी। इसी वजह से वह पिंकी को डिनर के बहाने घर से बाहर ले गया और वहां पर चाकू से करीब आठ वार कर मौत के घाट उतार दिया।
परिवार में सबसे छोटी थी पिंकी
पिंकी अपने परिवार में सबसे छोटी थी। उसका बड़ा भाई सुनील, उससे छोटी मंजू और फिर सबसे छोटी पिंकी थी। पिंकी की शादी करीब 16 साल पहले हुई थी। शादी के बाद 13 साल की बेटी कोमल और दस साल का बेटा मयंक है, जो बराही गांव में ही अपने दादा-दादी के पास रहते है। फोन बंद होने पर हुआ शक सोनू ने अपनी सास को बताया था कि वह नया साल साथ में मनाएंगे। इसके लिए वह पिंकी को अस्पताल से खुद ही लेकर आया। देर रात तक भी जब पिंकी और सोनू घर नहीं पहुंचे तो परिजनों को शक हुआ। परिजनों ने सोनू के फोन पर कॉल की, लेकिन उसने रिसीव नहीं किया। आखिर में उसका फोन बंद हो गया। पिंकी का फोन भी रिसीव नहीं हुआ। तब जाकर परिजन तलाश करते हुए बाहर प्लाट में बने कमरे में पहुंचे और घटना का पता चला। पुलिस ने मौके से पैक हुआ खाना भी बरामद किया है। उसे देखकर माना जा रहा है कि रात के समय ही दोनों के बीच विवाद हो गया था। जिस वजह से उन्होंने खाना भी नहीं खाया।
-- दंपती के बीच विवाद चल रहा था। आरोपित चाहता था कि उसकी पत्नी बच्चों के साथ बराही में रहे, लेकिन पिंकी नौकरी नहीं छोड़ना चाहती थी। इसी विवाद के चलते हत्या हुई है। फिलहाल मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
- हरिओम, चौकी प्रभारी खरावड़।