खुलासा : ससुरालियों की बुराई करती थी विवाहिता, पति ने साजिश रच की हत्या, बेटी ने खोला भेद
हत्या कर पति ने झूठी कहानी रची कि चोरों ने लूट के इरादे से पत्नी की हत्या कर दी। पुलिस को शक हुआ तो पूछताछ में चार साल की बेटी ने सारी कहानी बयां की। फिर आरोपित ने कबूल लिया
बहादुरगढ़, जेएनएन। अपने पति या ससुरालियों की बुराई करना एक महिला को इतना भारी पड़ गया कि जान ही चली गई। बहादुरगढ़ में अपनी पत्नी की हत्या के आरोपित पति ने खुलासा किया कि उसने ही अपनी पत्नी की हत्या की। पुलिस ने सोमवार को अदालत में पेश कर एक दिन के रिमांड पर लिया हुआ है। पुलिस ने पूछताछ के बाद खुलासा किया है कि आरोपित ने पहले पत्नी की हत्या की और फिर कहानी रची। वजह बस इतनी थी कि पत्नी अपने पति की बुराई अपनी मां से करती थी। सुभाष नगर में रहने वाले सुनील से संगीता की शादी वर्ष 2010 में हुई थी। सुनील का परिवार जींद के कर्सोला का रहने वाला है। 1 फरवरी की सुबह संगीता की हत्या हुई थी। पहले कहानी यह बताई गई थी कि घर में चोर घुसे और उन्होंने ही संगीता की जान ली।
पत्नी से कहा हम बेहोश होकर घर में चोरी होने का करेंगे ड्रामा
डीएसपी राहुल देव ने बताया कि आरोपित ने पहले ही पत्नी की हत्या की प्लानिंग की थी। बेहोश करने वाली दवा उसने ऑनलाइन उसी कंपनी में मंगवाई थी, जहां पर वह काम करता था। बाद में एक दिन घर में लाकर रखी। पत्नी को एक झूठी कहानी का हिस्सा बनाया। पत्नी संगीता को सुनील ने कहा कि रात को बेहोश होने और घर में चोरी का ड्रामा करेंगे। संगीता ने भी हामी भर दी थी। मगर संगीता को यह नहीं पता था कि यह कोई ड्रामा नहीं था बल्कि उसकी हत्या की साजिश थी, जिसमें वह खुद फंस रही थी। हत्या वाली रात को सुनील ने संगीता को बेहोशी की दवा सुंघा दी। इसके बाद उसकी हत्या कर डाली। साजिश के तहत ही अलमारी से सामान वगैरह बिखेरा गया था, ताकि लगे की घर में चोरी हुई है।
पुलिस को बताया चोरों ने ले ली जान, चार साल की बेटी ने खोल दिया राज
पुलिस के मुताबिक जब सुनील ने संगीता की हत्या की उसके बाद सुबह चार बजे वह उसे लेकर अस्पताल पहुंचा। बाद में सूचना में भी यह बताया था घर में चोर घुसे और उन्होंने ही संगीता की जागने पर जान ले ली। संगीता के मायके पक्ष ने भी पुलिस को ऐसी ही शिकायत दी थी, जिस पर अभियोग दर्ज किया गया था। मगर पुलिस को मौके के हालात देखकर ही शक हुआ था। पुलिस ने संगीता की चार वर्षीय बेटी से पूछा तो उसने सच्चाई ब्यां कर दी। उसकी काउंसलिंग भी करवाई गई, वहां पर भी उसने यह बताया कि उसके पिता ने उसकी मां की हत्या की है।