विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हिसार में प्रेमी ने पेट्रोल छिड़ककर कपल को लगाई आग, पति की मौत; पत्नी बुरी तरह झुलसी

Published: Thu, 22 Oct 2026 11:14 PM (IST)

हिसार के न्यौली कलां गांव में प्रेम प्रसंग विवाद के चलते पति-पत्नी को पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी गई, जिसमें पति बलवान की मौत हो गई।

हिसार में पेट्रोल छिड़ककर दंपती को लगाई आग, पति की मौत।

हिसार में पेट्रोल छिड़ककर दंपती को लगाई आग, पति की मौत।

HighLights

  1. न्यौली कलां में प्रेम प्रसंग विवाद में आगजनी की घटना

  2. पति बलवान की उपचार के दौरान हुई दर्दनाक मौत

  3. पत्नी और आरोपी रघुबीर भी आग में झुलसकर घायल

जागरण संवाददाता, हिसार। जिले के न्यौली कलां गांव में बुधवार देर रात प्रेम प्रसंग से जुड़े विवाद में पति-पत्नी को पेट्रोल छिड़ककर आग लगाने का मामला सामने आया है। घटना में गंभीर रूप से झुलसे पति बलवान की वीरवार को उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी और आरोपित रघुबीर भी झुलस गए। दोनों का उपचार चल रहा है।

सदर थाना पुलिस ने मृतक के बेटे के बयान पर हत्या का केस दर्ज किया गया है। बलवान गांव न्यौलीकलां में पत्नी और दो बच्चों के साथ रहता था। उसकी पत्नी मीरा की हिसार के बगला रोड स्थित एक फैक्ट्री में काम करने के दौरान बिहार निवासी रघुबीर से पहचान हुई थी।

बताया जा रहा है कि दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ने के बाद बलवान को इसकी जानकारी हो गई थी। इस बात को लेकर परिवार में विवाद रहता था।

आधी रात को घर पहुंचा था रघुबीर

बुधवार रात करीब 12 बजे रघुबीर महिला के घर पहुंचा था। उस समय महिला का पति बलवान भी घर पर मौजूद था। रघुबीर को घर में देखकर विवाद शुरू हो गया। कहासुनी बढ़ने पर रघुबीर ने बलवान और उसकी पत्नी पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। जब वह मौके से भागने लगा तो बलवान ने उसे पकड़ लिया। इस दौरान रघुबीर भी आग की चपेट में आकर झुलस गया।

घटना के बाद स्वजन और आसपास के लोग तीनों को अस्पताल लेकर पहुंचे। गंभीर हालत के चलते बलवान और मीरा को अग्रोहा मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया, जबकि रघुबीर को हिसार के नागरिक अस्पताल से अग्रोहा रेफर किया गया।

उपचार के दौरान बलवान ने दम तोड़ दिया। सदर थाना प्रभारी अमित कुंडू ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। दंपती के 22 वर्षीय बेटे विशाल के बयान पर हत्या का केस दर्ज किया गया है।